मार्वल स्टूडियो ने भारतीय दर्शकों के लिए 'डेडपूल एंड वूल्वरिन' की एडवांस बुकिंग की घोषणा कर दी है। दर्शक आज से अपनी टिकट बुक करा सकेंगे। यह फिल्म 26 जुलाई, 2024 को रिलीज होगी।
रयान रेनॉल्ड्स और ह्यू जैकमैन की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'डेडपूल एंड वूल्वरिन' को लेकर दर्शकों का उत्साह सातवें आसमान पर है। इसी बीच भारतीय दर्शकों के लिए फिल्म से जुड़ा एक बहुत बड़ा अपडेट सामने आया है। दरअसल, मार्वल स्टूडियो द्वारा भारतीय दर्शकों के लिए 'डेडपूल एंड वूल्वरिन' की एडवांस बुकिंग का एलान कर दिया गया है।
26 जुलाई, 2024 को रिलीज होगी 'डेडपूल एंड वूल्वरिन'
मार्वल इंडिया ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक पोस्टर के साथ एंडवास बुकिंग की जानकारी को साझा किया। उन्होंने पोस्ट के कैप्शन में लिखा कि अपने चिमिचंगास को संभाल कर रखें! टिकटों की एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है। 26 जुलाई को 'डेडपूल एंड वूल्वरिन' का सिनेमाघरों में आनंद लें। बता दें कि 'डेडपूल एंड वूल्वरिन' को भारत में अंग्रेजी, हिंदी, तमिल और तेलुगु में रिलीज किया जाएगा। इसका निर्देशन शॉन लेवी ने किया है। फिल्म की कहानी भी उन्होंने ही लिखी है।
भारत में भारी संख्या में मौजूद है मार्वल के फैंस
भारत में मार्वल की फिल्मों के प्रशंसक भारी तादाद में मौजूद है, जिन्हें हर एक नई फिल्म का बेसब्री से इंतजार रहता है और इस बार तो बात 'डेडपूल एंड वूल्वरिन' की है तो ऐसे में स्वाभाविक है कि मार्वल के भारतीय फैंस इस फिल्म को देखने के लिए उतावले हो रखे हैं और टिकट की एडवांस बुकिंग की घोषणा ने तो उनके उत्साह को चरम पर ही पहुंचा दिया है। फिल्म को लेकर चर्चा है कि यह रिलीज के पहले सप्ताह में ही रिकॉर्ड तोड़ कमाई करने वाली है।