मलयालम हिप-हॉप म्यूजिक के चर्चित नाम वेदान उर्फ हिरंदास मुरली एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। इस बार मामला बेहद गंभीर है। एक महिला डॉक्टर ने उनके खिलाफ लगातार दुष्कर्म के आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस के मुताबिक, ये घटनाएं वर्ष 2021 से 2023 के बीच अलग-अलग स्थानों पर घटित हुईं।
पुलिस की निगरानी में है आरोपी
कोच्चि पुलिस कमिश्नर पुट्टा विमलादित्य ने गुरुवार को प्रेस को संबोधित करते हुए बताया कि आरोपी की वर्तमान स्थिति पुलिस की निगरानी में है और उसे फिलहाल फरार घोषित नहीं किया गया है। पुलिस की ओर से ये भी साफ किया गया है वेदान ने केरल हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत की अर्जी दाखिल की है, जिस पर सुनवाई लंबित है। कमिश्नर ने यह भी बताया कि जब तक कोर्ट का फैसला नहीं आ जाता, तब तक पुलिस की ओर से गवाहों से पूछताछ और सबूत जुटाने की प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी।
ये खबर भी पढ़ें:
Jane Etta Pitt Died: नहीं रहीं ब्रैड पिट की मां, गम में डूबे 'F1' अभिनेता
आईपीसी की धारा 376 और 376(2)(n) के तहत मामला दर्ज
त्रिक्काकारा थाने में दर्ज एफआईआर में आरोपी पर भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (दुष्कर्म) और 376(2)(n) (एक ही महिला के साथ बार-बार दुष्कर्म) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता के बयान के अनुसार, वेदन के साथ कुछ आर्थिक लेन-देन भी हुए थे, जिसकी जांच पुलिस कर रही है।
पुराने विवादों से भी जुड़ा रहा है नाम
ये पहला मौका नहीं है जब वेदन विवादों में आए हैं। इससे पहले अप्रैल महीने में उन्हें मादक पदार्थों से जुड़े एक केस में गिरफ्तार किया गया था, हालांकि बाद में उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया। इसके कुछ ही दिनों बाद वन विभाग ने उन्हें एक तेंदुए का दांत रखने के मामले में गिरफ्तार किया, जिसमें उन्हें फिर से जमानत मिल गई।
प्रधानमंत्री के खिलाफ विवादित गानों का भी है मामला
सिर्फ आपराधिक मामलों में ही नहीं, बल्कि राजनीतिक विवादों में भी वेदान का नाम सामने आया है। मई 2025 में एक भाजपा नेता ने उनके खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी, जिसमें वेदान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां करने और जातिवादी भावनाओं को भड़काने का आरोप लगाया गया था।