कभी आलीशान जिंदगी, कभी बड़े-बड़े दावे, तो कभी बॉलीवुड की चर्चित हस्तियों से जुड़ाव... सुकेश चंद्रशेखर की कहानी लंबे समय से सुर्खियों में रही है। करोड़ों रुपये की ठगी के आरोपों से जुड़े इस मामले को अब नेटफ्लिक्स डॉक्यूमेंट्री के जरिए पर्दे पर उतारने जा रहा है।
स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म ने नई ट्रू-क्राइम डॉक्यूमेंट्री 'लव, स्कैम और धोखा: द सुकेश चंद्रशेखर स्टोरी' का ऐलान किया है। इसके साथ ही स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म ने यह भी बता दिया है कि यह डॉक्यूमेंट्री कब स्ट्रीम होगी।
सुकेश चंद्रशेखर
- फोटो : सोशल मीडिया
डॉक्यूमेंट्री में दिखाई जाएगी ये कहानी
इस डॉक्यूमेंट्री में सुकेश चंद्रशेखर के शुरुआती दिनों से लेकर करोड़ों की धोखाधड़ी के आरोपों और उसके कथित नेटवर्क तक की कहानी दिखाई जाएगी। डॉक्यूमेंट्री सिर्फ मामले की सुर्खियों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि यह भी समझने की कोशिश करेगी कि आखिर सुकेश लोगों का भरोसा जीतने और कथित तौर पर लंबे समय तक अपना जाल फैलाने में कैसे कामयाब रहा।
कब रिलीज होगी डॉक्यूमेंट्री?
सिर्फ इतना ही नहीं, डॉक्यूमेंट्री में सुकेश चंद्रशेखर के बेंगलुरु में शुरुआती जीवन से लेकर उसके खिलाफ लगे कई बड़े आरोपों तक का सफर दिखाया जाएगा। इसमें उन प्रभावशाली लोगों से कथित संबंधों पर भी नजर होगी, जिनमें राजनेता और बॉलीवुड की हस्तियां शामिल रही हैं। सुकेश के मामले में सामने आए अलग-अलग नाम, उसकी कथित पहचान और बड़े-बड़े दावे भी इस कहानी का हिस्सा होंगे। बता दें कि यह डॉक्यूमेंट्री 18 दिसंबर, 2026 को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी।
सुकेश चंद्रशेखर- जैकलीन फर्नांडीज
- फोटो : सोशल मीडिया
तिहाड़ जेल से भी कथित तौर पर चलता रहा धोखाधड़ी का नेटवर्क
इस डॉक्यूमेंट्री में उन आरोपों को भी खंगाला जाएगा, जिनके मुताबिक सुकेश चंद्रशेखर जेल में रहते हुए भी अपनी कथित गतिविधियां जारी रखने में कामयाब रहा। मेकर्स यह समझने की कोशिश करेंगे कि सिस्टम की किन खामियों ने कथित तौर पर उसे ऐसा करने का मौका दिया। प्रोजेक्ट पर दो साल से ज्यादा समय तक रिसर्च की गई है, ताकि मामले से जुड़े पहलुओं को सिर्फ खबरों के नजरिए से नहीं, बल्कि विस्तार से समझा जा सके।
कौन बना रहा है डॉक्यूमेंट्री?
'लव, स्कैम और धोखा: द सुकेश चंद्रशेखर स्टोरी' का निर्देशन मौमिता सेन और नियंथा शेखर ने किया है। चांदनी अहलावत डाबस इसकी एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर हैं, जबकि करण राणा को-डायरेक्टर हैं।