दुलकर सलमान द्वारा निर्मित ‘लोका चैप्टर 1: चंद्रा’ की अपार सफलता के बाद अब मेकर्स ने ‘लोका चैप्टर 2’ को लेकर एक बड़ा अपडेट साझा किया है। मेकर्स ने ‘लोका चैप्टर 2’ की आधिकारिक घोषणा करते हुए फिल्म की पहली झलक जारी कर दी है। ‘लोका चैप्टर 2’ में टोविनो थॉमस प्रमुख भूमिका में नजर आएंगे। जबकि खुद अभिनेता दुलकर सलमान भी इस फिल्म का हिस्सा होंगे।
दुलकर सलमान ने साझा की पहली झलक
इस टीजर को अपने एक्स अकाउंट पर शेयर करते हुए दुलकर सलमान ने लिखा, ‘मिथकों से परे, किंवदंतियों से परे। एक नया अध्याय शुरू। ‘लोका चैप्टर 2’। टोविनो थॉमस स्टारर और डोमिनिक अरुण द्वारा लिखित व निर्देशित। वेफरर द्वारा निर्मित है यह फिल्म।
आमने-सामने होंगे माइकल और चार्ली
‘लोका चैप्टर 2’ की पहली झलक में टोविनो थॉमस और दुलकर सलमान एक अंधेरी सी जगह में बैठे बातें कर रहे हैं। दोनों अपने कैरेक्टर में हैं जिसमें टोविनो थॉमस माइकल हैं, जबकि दुलकर सलमान चार्ली के किरदार में दिख रहे हैं। काफी देर बातें करने के बाद, अचानक दोनों एक-दूसरे के आमने-सामने आ जाते हैं। इस पहली झलक के आखिरी सीन को देखकर आपको यकीन हो जाएगा कि ‘लोका चैप्टर 2’ में एक बार फिर दमदार वीएफएक्स देखने को मिलेंगे। इस पहली झलक से इतना साफ है कि ‘लोका चैप्टर 2’ में टोविनो थॉमस और दुलकर सलमान आमने-सामने होंगे। फिलहाल अभी ‘लोका चैप्टर 2’ की पहली झलक को सिर्फ मलयालम में जारी किया गया है। अब इंतजार है तो इस फर्स्ट ग्लिम्प्स के हिंदी में सामने आने की।
‘लोका चैप्टर 1’ बनी वर्ल्डवाइड सबसे ज्यादा कमाई करने वाली मलयालम फिल्म
‘लोक चैप्टर 1’ 28 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। पहले इस फिल्म को हिंदी में नहीं रिलीज किया गया था, लेकिन बाद में फिल्म की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए मेकर्स ने लगभग एक हफ्ते बाद फिल्म को हिंदी में रिलीज किया। ‘लोक चैप्टर 1’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया और वर्ल्डवाइड सबसे ज्यादा कमाई करने वाली मलयालम फिल्म बन गई।