कैथोलिक ईसाई धर्मगुरु पोप फ्रांसिस के निधन के बाद उनके चाहने वाले शोक में हैं और उनको अपनी-अपनी तरह से याद कर रहे हैं। पोप फ्रांसिस का 88 साल की उम्र में सोमवार को निधन हो गया था। आम लोगों से लेकर तमाम सेलिब्रिटीज तक पोप फ्रांसिस को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। इसी क्रम में सिने जगत के भी तमाम सितारों ने पोप को याद किया है और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। इसमें लियोनार्डो डिकैप्रियो से लेकर रसेल क्रो और सिल्वेस्टर स्टेलोन समेत कई नाम शामिल हैं।
कॉमेडियन व्हूपी गोल्डबर्ग ने पोप फ्रांसिस को याद करते हुए अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक भावुक नोट लिखा है। व्हूपी गोल्डबर्ग ने पोप फ्रांसिस से मुलाकात की एक तस्वीर को साझा करते हुए लिखा, "वह लंबे समय से सबसे करीबी व्यक्ति थे, जो याद करते थे कि मसीह का प्रेम आस्तिक और अविश्वासी दोनों को घेरे हुए था। वह पोप जॉन 23वें की तरह महसूस करते थे, जिन्होंने विश्वास को वास्तविक बनाया। पोप आप मानवता और हंसी के प्रति अपने प्यार के साथ आगे बढ़ो।"
लियोनार्डो डिकैप्रियो ने पोप के साथ मुलाकात को किया याद
ऑस्कर विजेता अभिनेता लियोनार्डो डिकैप्रियो ने भी पोप फ्रांसिस को याद करते हुए इंस्टाग्राम पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए एक लंबी पोस्ट लिखी। अभिनेता ने पोप फ्रांसिस के साथ दो तस्वीरें साझा करते हुए अपनी पोस्ट में लिखा, "पोप फ्रांसिस एक परिवर्तनकारी नेता थे। न केवल कैथोलिक चर्च के लिए, बल्कि पर्यावरण सुधार और सक्रियता के लिए भी। 2016 में अपनी डॉक्यूमेंट्री ‘बिफोर द फ्लड’ के बनने के दौरान मुझे जलवायु परिवर्तन को संबोधित करने की तत्काल आवश्यकता पर बातचीत के लिए पोप फ्रांसिस के साथ बैठने का सम्मान मिला। वह अनुभव ज्ञानवर्धक, गहराई से प्रेरित करने वाला और काफी कुछ सोचने वाला था।"
यह खबर भी पढ़ें: Karan Johar: करण जौहर लेकर आ रहे नागों वाली पिक्चर, ये एक्टर बनेगा इच्छाधारी नाग; सामने आई रिलीज डेट
रसल क्रो ने किया याद
अभिनेता रसल क्रो ने 2014 में पोप फ्रांसिस के साथ रोम में हुई मुलाकात को याद करते हुए एक्स (ट्विटर) पर लिखा,”रोम में एक खूबसूरत दिन, लेकिन श्रद्धालुओं के लिए एक दुखद दिन। श्रद्धांजलि फ्रांसिस।”
जिमी फॉलेन ने साझा की पोप के साथ तस्वीर
कॉमेडी एक्टर-सिंगर जिमी फॉलेन ने पोप के साथ हुई मुलाकात की तस्वीर साझा करते हुए अपने इंस्टाग्राम पर लिखा, “पिछली गर्मियों में पोप फ्रांसिस से मिलना सम्मान की बात थी। मुझे खुशी है कि मैंने आपको हंसाया। आपके उत्साहवर्धक शब्दों के लिए धन्यवाद।”
यह खबर भी पढ़ें: Retro Trailer: 'रेट्रो' का हिंदी में ट्रेलर जारी, उत्तर भारत के दर्शकों को रिझाएंगे सूर्या और पूजा हेगड़े
सिल्वेस्टर स्टेलोन ने बताया अद्भुत इंसान
अमेरिकी अभिनेता सिल्वेस्टर स्टेलोन ने भी पोप के साथ अपनी मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, “एक बहुत ही अद्भुत व्यक्ति। श्रद्धांजलि पोप फ्रांसिस।"