खिलाड़ी ने हॉलीवुड सितारों से की अपनी तुलना
अक्षय कुमार अपनी फिटनेस का बेहद ख्याल रखते हैं। वे सुबह जल्दी उठते हैं। जल्दी काम खत्म करते हैं। सेट पर वे आठ घंटे की शिफ्ट करते हैं और उसके बाद पैकअप कर लेते हैं। हाल ही में खिलाड़ी करण जौहर के शो 'कॉफी विद करण सीजन 9' में पहुंचे। इस दौरान अभिनेता ने अपनी वर्किंग शिफ्ट को लेकर भी बात की। साथ ही अपनी तुलना क्रिस्टोफर नोलन और टॉम क्रूज जैसे हॉलीवुड सितारों से भी की।
क्यों फॉलो करते हैं फिक्स रुटीन?
अक्षय कुमार ने बताया है कि बॉलीवुड के कई बड़े नाम उनके काम के तय घंटों की वजह से उन्हें कास्ट करने में हिचकिचाते हैं। अक्षय, रवि किशन के साथ करण के शो में पहुंचे। बातचीत के दौरान करण जौहर ने नए डायरेक्टर्स के साथ काम करने और प्रोड्यूसर्स और डायरेक्टर्स का ध्यान रखने के लिए अक्षय की तारीफ की।
करण को जवाब देते हुए अक्षय ने कहा कि उनका आठ घंटे का वर्क शेड्यूल कुछ बड़े प्रोड्यूसर्स के लिए उनसे दूर रहने की वजह बन गया है। उन्होंने यह भी बताया कि वह फिल्मों में काम करते समय एक फिक्स्ड रूटीन क्यों फॉलो करना पसंद करते हैं?
कहा- आठ घंटे अपनी वैनिटी वैन में भी कदम नहीं रखता
अक्षय कुमार ने कहा, 'इंडस्ट्री के कई बड़े नाम मुझे कास्ट नहीं करना चाहते। मेरे बारे में बहुत सारी अफवाहें हैं, जिसमें यह दावा भी शामिल है कि मैं दिन में सिर्फ आठ घंटे काम करता हूं। लेकिन लोग भूल जाते हैं कि उन आठ घंटों के दौरान मैं अपनी वैनिटी वैन में कदम भी नहीं रखता'।
एक्टर ने आगे कहा, 'हमारा काम कैमरे के सामने रहना है। दर्शक आपको फ्रेश और प्रेजेंटेबल देखना चाहती है, थका हुआ नहीं। इसीलिए मैंने आठ घंटे काम करने, आठ घंटे सोने, दो घंटे अपनी फिजीक पर काम करने और बाकी समय अपने परिवार को देने का फैसला किया'।
टॉम क्रूज और क्रिस्टोफर नोलन का दिया उदाहरण
इसके बाद अक्षय ने कम समय में फिल्में पूरी करने की अपनी काबिलियत से जुड़े सवालों पर बात की। उन्होंने हॉलीवुड स्टार्स के साथ अपने काम करने के तरीके की तुलना की। खिलाड़ी ने कहा, 'मैंने हाल ही में क्रिस्टोफर नोलन का एक इंटरव्यू पढ़ा, जिसमें उन्होंने बताया था कि उन्हें एक फिल्म पूरी करने में 90 दिन से ज्यादा नहीं लगते। वहीं, टॉम क्रूज ने मिशन- इम्पॉसिबल सिर्फ 55 दिनों में पूरी कर ली थी'। अक्षय कुमार का यह कमेंट ऐसे समय में आया है, जब फिल्म इंडस्ट्री में आठ घंटे की वर्क शिफ्ट की बहस चर्चा का विषय रही है।