हाल ही में मशहूर यूट्यूबर और कवि याह्या बूटवाला ने अक्षय कुमार की फिल्म ‘केसरी 2’ पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि निर्माताओं ने उनकी जलियांवाला बाग पर लिखी कविता की पंक्तियों को बिना अनुमति कॉपी किया है। अब यूट्यूबर ने अपने इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए इस मामले पर अपडेट साझा की है। उन्होंने बताया कि इसे निर्माताओं के साथ मिलकर सुलझा लिया गया है।
निर्माताओं से मिलकर सुलझाया मामला
याह्या बूटवाला ने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘तो दोस्तो, निर्माता और मैंने दोनों पक्षों के सर्वोत्तम हित में इस मुद्दे को सौहार्दपूर्ण ढंग से हल करने में कामयाब रहे हैं। इन दो दिनों में आपके समर्थन के लिए धन्यवाद, आप लोग बहुत दयालु रहे हैं।’ यूट्यूबर के इस घोषणा के बाद ‘केसरी 2’ से जुड़े विवाद पर फुल स्टॉप लग गया है।
इससे जुड़ी यह खबर भी पढ़ें:
Kesari 2: अमृतसर में ‘केसरी 2’ देखकर भावुक हुए शहीदों के परिवार, बयां हुई जलियांवाला बाग हत्याकांड की कहानी
यूट्यूबर क्या आरोप लगाया था?
याह्या ने दो दिनों पहले अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर उनकी कविता और फिल्म का एक संवाद शेयर किया था। उन्होंने दावा किया था कि उनकी कविता को कॉपी पेस्ट किया गया है। याह्या ने सबूत के तौर पर अपनी कविता और फिल्म में अनन्या पांडे के बोले गए डायलॉग का वीडियो शेयर किया था। याह्या बूटवाला ने सोशल मीडिया पर एक लंबा नोट लिखकर अपनी नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने कहा था कि चार दिन पहले उनके एक फैन ने उन्हें फिल्म का एक क्लिप भेजा था, जिसमें डायलॉग उनकी कविता 'जालियांवाला बाग' से हूबहू मिलते थे। यह कविता याह्या ने पांच साल पहले अपने यूट्यूब चैनल 'अनइरेज पोएट्री' पर प्रकाशित की थी। उन्होंने लिखा था,’यह साफ-साफ कॉपी-पेस्ट है। मेकर्स ने इसे छिपाने की कोशिश भी नहीं की। यहां तक कि 'फुसफुसाना' जैसे शब्द भी वैसे ही उठाए गए हैं।’ साथ ही उन्होंने इसके लेखक पर भी निशाना साधा था।
इससे जुड़ी यह खबर भी पढ़ें:
Kesari 2: अक्षय कुमार की ‘केसरी 2’ की तारीफ में बोले शशि थरूर, कहा- ‘बड़ी चतुराई से संंदेश दिया गया है’
‘केसरी 2’ बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
‘केसरी 2’ को सिनेमाघरों में रिलीज हुए दस दिन हो गए हैं। रविवार को फिल्म ने कलेक्शन में बढ़त हासिल की। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस से 8.15 करोड़ रुपये का कारोबार किया। फिल्म की कुल कमाई की बात की जाए तो 65.45 करोड़ रुपये हो चुकी है।
‘केसरी 2’ के बारे में
‘केसरी 2’ 1919 के जलियांवाला बाग नरसंहार के बाद की घटनाओं पर आधारित है। इस फिल्म में अक्षय कुमार ने वकील सी शंकरन नायर की भूमिका निभाई है, जिन्होंने ब्रिटिश सरकार के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ी थी। फिल्म को समीक्षकों से काफी सराहना मिल रही है।