ओटीटी प्लेटफॉर्म का भी एलान
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने शुक्रवार को एलान किया कि यहां के मल्टीप्लेक्स सहित राज्य के सभी सिनेमाघरों में टिकटों की कीमत 200 रुपये तक सीमित कर दी जाएगी। अपने ऐतिहासिक 16वें बजट में सिद्धारमैया ने यह भी एलान किया कि कर्नाटक कन्नड़ फिल्मों को बढ़ावा देने के लिए एक ओटीटी प्लेटफॉर्म बनाएगा।
कन्नड़ फिल्मों के संग्रह के लिए तीन करोड़ रुपये निर्धारित
हाल ही में, रक्षित शेट्टी और ऋषभ शेट्टी जैसे लोकप्रिय कन्नड़ अभिनेता-निर्माताओं ने शिकायत की थी कि कन्नड़ कंटेंट को लेने के लिए उन्हें कोई भी प्रमुख ओटीटी प्लेटफॉर्म नहीं मिल पाया। रक्षित शेट्टी के प्रोडक्शन हाउस, परमवाह स्टूडियो ने ओटीटी प्लेटफॉर्म न मिलने पर जुलाई 2024 में अपनी कन्नड़ वेब सीरीज 'एकम' को एक कस्टम प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम करना शुरू किया। मुख्यमंत्री ने राज्य के सामाजिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक मूल्यों को दर्शाने वाली फिल्मों को संरक्षित करने के लिए डिजिटल और गैर-डिजिटल दोनों तरीकों से कन्नड़ फिल्मों का संग्रह बनाने के लिए तीन करोड़ रुपये भी निर्धारित किए हैं।
मल्टीप्लेक्स मूवी थियेटर परिसर के विकास का एलान
इसके अलावा सीएम सिद्धारमैया ने कहा कि सिनेमा क्षेत्र को उद्योग का दर्जा दिया जाएगा और औद्योगिक नीति के तहत दी जाने वाली सुविधाएं भी इसे दी जाएंगी। उनके अनुसार, शहर के नंदिनी लेआउट में कर्नाटक फिल्म अकादमी के स्वामित्व वाली 2.5 एकड़ भूमि पर सार्वजनिक निजी भागीदारी (पीपीपी) के तहत एक मल्टीप्लेक्स मूवी थियेटर परिसर भी विकसित किया जाएगा। सीएम सिद्धारमैया ने कहा कि मैसूर में पीपीपी मॉडल पर 500 करोड़ रुपये की लागत से अंतर्राष्ट्रीय स्तर की फिल्म सिटी विकसित करने के लिए 150 एकड़ भूमि सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को दी गई है।