फुटबॉल खेलते वक्त लगी चोट
एक्टर शरद कपूर ने बताया कि बार्सिलोना में फुटबॉल खेलते वक्त उनके पैर में चोट लग गई थी। वे वहां कुछ अनुभवी खिलाड़ियों के साथ फुटबॉल खेल रहे थे। इसी दौरान एक खिलाड़ी का पैर उनके पैर से टकरा गया और उन्हें गंभीर चोट लगी।
हैमा चौधरी ने कराया स्थिति से अवगत
जुबान पब्लिक वेलफेयर ट्रस्ट की संस्थापक हेमा चौधरी ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर एक्टर के बारे में खबर दी। हेमा चौधरी के मुताबिक, वह शरद कपूर को पिछले करीब 30 साल से जानती हैं। जैसे ही उन्हें अभिनेता की मौजूदा स्थिति के बारे में पता चला, वह उनसे मिलने पहुंचीं। हेमा ने बताया कि शरद इस समय कुछ शारीरिक चुनौतियों से गुजर रहे हैं और उन्हें फिलहाल देखभाल और ध्यान की जरूरत है।
उनके मुताबिक, शरद कपूर के साथ उनकी पत्नी और छोटा बच्चा भी उसी फ्लैट में रहते हैं। घर में चार पालतू कुत्ते हैं, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में उनकी देखभाल करना परिवार के लिए मुश्किल हो रहा है। कुत्तों के लिए अलग से कोई केयरटेकर भी उपलब्ध नहीं है। ऐसे में फिलहाल उन्हें घर से दूसरी जगह शिफ्ट करने का फैसला लिया गया है।
कई बॉलीवुड फिल्मों में किया काम
शरद कपूर बॉलीवुड के उन अभिनेताओं में शामिल हैं, जिन्होंने फिल्मों में लीड रोल से लेकर नेगेटिव और सपोर्टिंग किरदारों तक अपनी अलग पहचान बनाई है। कोलकाता में जन्मे शरद ने साल 1994 में फिल्म 'मेरा प्यारा भारत' से अभिनय की दुनिया में कदम रखा था। हालांकि, उन्हें सबसे ज्यादा पहचान साल 2000 में आई शाहरुख खान की फिल्म 'जोश' से मिली। इस फिल्म में उन्होंने प्रकाश शर्मा का किरदार निभाया था, जो शाहरुख के किरदार मैक्स का प्रतिद्वंद्वी था। इस भूमिका के लिए उन्हें फिल्मफेयर के बेस्ट विलेन अवॉर्ड में नॉमिनेशन भी मिला था।