प्रशांत वर्मा की ‘हनुमान’ का सीक्वल ‘जय हनुमान’ अपनी घोषणा के बाद से ही सुर्खियों में है। ‘हनुमान’ को दर्शकों ने काफी पसंद किया। इसमें तेजा सज्जा ने मुख्य भूमिका निभाई है। वहीं, इसके सीक्वल में ‘कांतारा’ के अभिनेता ऋषभ शेट्टी भी जुड़ चुके हैं। पिछले साल अक्तूबर में फिल्म का पहला पोस्टर जारी कर निर्माताओं ने फैंस की उत्सुकता को बढ़ा दिया। अब ‘गुड़ी पड़वा’ के अवसर पर निर्माताओं ने इसका एक और पोस्टर जारी किया है।
‘गुड़ी पड़वा’ पर जारी हुआ नया पोस्टर
‘गुड़ी पड़वा’ के पर्व पर निर्माताओं ने फैंस को शुभकामना देते हुए इसका नया पोस्टर जारी किया। इस पोस्टर पर एक पत्थर पर ‘श्री राम’ लिखा हुआ है। आस-पास पूजा का सामान रखा है। पोस्ट के कैप्शन में लिखा, “आप सब को गुड़ी पड़वा की शुभकामनाएं। भगवान राम के प्रति हनुमान की असीम भक्ति इस शुभ दिन पर हमारे दिलों में साहस, करुणा और संतुलन की भावना प्रज्वलित करे।”
यह खबर भी पढ़ें:
Karan-Tejasswi: करण ने बताई तेजस्वी की सबसे अच्छी बात, दिलचस्प रही थी गर्लफ्रेंड की मां से पहली मुलाकात
ऋषभ शेट्टी का पहला लुक
निर्माताओं ने फिल्म का पहला पोस्टर जारी करते हुए ऋषभ शेट्टी के फिल्म में जुड़ने की घोषणा की थी। उन्होंने इसके कैप्शन में लिखा, 'त्रेता युग की प्रतिज्ञा, जो कलयुग में अवश्य पूरी होगी'। ऋषभ शेट्टी ने अपने अभिनय कौशल से ‘कांतारा’ में सभी को प्रभावित किया। जब वह इस पौराणिक कथा से प्रेरित फिल्म से जुड़े तो इसने फैंस की उम्मीदों को बढ़ा दिया।
यह खबर भी पढ़ें:
Sikandar: कल रात ही ऑनलाइन लीक हो गई थी 'सिकंदर', कोमल नाहटा ने बताया पाइरेसी से हुए नुकसान का पूरा मामला
‘हनुमान’ कलेक्शन
प्रशांत वर्मा की ‘हनुमान’ साल 2024 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली तेलुगु फिल्म थी। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस से भारत में 201.63 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। प्रशांत वर्मा के सिनेमैटिक यूनिवर्स की यह फिल्म पौराणिक सुपरहीरो आधारित है।