तमिल सिनेमा के अभिनेता आर्य के घर पर आयकर विभाग ने मंगलवार सुबह छापा मारा। यह कार्रवाई उनके 'सी शेल' रेस्टोरेंट से जुड़ी वित्तीय अनियमितताओं की जांच के तहत की गई। बताया जा रहा है कि आर्य ने इस रेस्टोरेंट को केरल के व्यवसायी कुन्ही मूसा को बेच दिया था, जिनकी संपत्तियों पर पहले से आयकर विभाग की नजर थी। इससे यह संकेत मिलता है कि ये छापा एक व्यापक वित्तीय जांच का हिस्सा हो सकता है।
क्या है पूरा मामला?
अभिनेता आर्य ने साल 2007 में 'सी शेल' रेस्टोरेंट की शुरुआत की थी, जो अडयार, चेन्नई में स्थित है। ये रेस्टोरेंट मलयाली और अरबी व्यंजनों के लिए फेमस है। आर्य ने इस व्यवसाय में कदम रखते हुए होटल उद्योग में भी अपनी पहचान बनाई थी। हालांकि आर्य ने इस रेस्टोरेंट को बेच दिया था, लेकिन आयकर विभाग की कार्रवाई से ये साफ होता है कि रेस्टोरेंट के वित्तीय लेन-देन और स्वामित्व की गहन जांच की जा रही है। आर्य के करीबी सूत्रों का कहना है कि वो इस मामले में पूरी तरह से सहयोग कर रहे हैं और किसी भी गलत काम में शामिल नहीं हैं। ये घटना तमिल सिनेमा जगत में एक बड़े वित्तीय विवाद की ओर इशारा करती है, जिसमें अभिनेता और व्यवसायी दोनों की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। आगे आने वाले दिनों में इस मामले में और खुलासे हो सकते हैं।
ये खबर भी पढ़ें:
Akshay Kumar: फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' की शूटिंग क्यों रुकी, आर्थिक संकट नहीं ये थी असली वजह
कौन हैं एक्टर आर्य?
तमिल अभिनेता आर्य मूल रूप से केरल से हैं। उन्होंने तमिल सिनेमा में अपने करियर की शुरुआत 'अरिंथुम अरियामलुम' से की और जल्द ही एक प्रमुख सितारे के रूप में अपनी पहचान बना ली। 'पट्टियाल', 'नान कडवुल', 'मद्रासपट्टिनम', 'बॉस एंगिरा भास्करन', 'अवन इवान', 'वेट्टई', 'राजा रानी' और 'अरंबम' जैसी फिल्मों में उनके शानदार अभिनय ने उन्हें लोकप्रियता दिलाई। अभिनय के साथ-साथ आर्य ने निर्माता के रूप में भी काम किया।
शुरुआत में उन्होंने अपने दोस्तों के साथ कुछ मलयालम फिल्मों का निर्माण किया और बाद में तमिल प्रोजेक्ट्स भी प्रोड्यूस किए। उनकी हालिया प्रोडक्शन 'डीडी नेक्स्ट लेवल', जिसमें उनके करीबी दोस्त संतनम मुख्य भूमिका में थे, उम्मीद के अनुसार प्रदर्शन नहीं कर पाई। वर्तमान में आर्य पा. रणजीत की फिल्म 'वेट्टुवम' में अभिनय कर रहे हैं और साथ ही वो 'मिस्टर एक्स' और 'आनंधन काडू' जैसी फिल्मों का भी हिस्सा हैं।