यूट्यूबर आशीष चंचलानी और रणवीर अल्लाहबादिया ने महाराष्ट्र साइबर सेल के अधिकारियों से संपर्क किया है। महाराष्ट्र साइबर सेल अधिकारियों ने बताया कि आशीष चंचलानी और रणवीर अल्लाहबादिया ने अपने बयान दर्ज कराने की बात कही है। महाराष्ट्र साइबर सेल ने दोनों को बयान दर्ज कराने के लिए समन भेजा था। बता दें कि समय रैना को भी दो बार महाराष्ट्र साइबर सेल की ओर से समन भेजा जा चुका है।
विज्ञापन
समय रैना को भेजा गया दूसरा समन
समय रैना को इससे पहले 18 फरवरी को बयान दर्ज करने के लिए उपस्थित न होने के बाद मुद्दा उठा है। महाराष्ट्र साइबर सेल ने बयान जारी किया है कि रैना को आज एक और समन भेजा गया, ताकि उनके बयान की रिकॉर्डिंग के लिए उनकी उपस्थिति सुनिश्चित की जा सके। हालांकि, समय रैना की ओर से फिलहाल कोई अपडेट सामने नहीं आया है।
हट चुका है विवादित वीडियो
गौरतलब है कि बीयरबाइसेप्स यूट्यूब चैनल चलाने वाले रणवीर अल्लाहबादिया ने 'इडियाज गॉट लैटेंट' शो पर एक कंटेस्टेंट से बेहद आपत्तिजनक सवाल किया था। इस सवाल से काफी ज्यादा विवाद खड़ा हो गया और रणवीर, समय सहित कई लोगों पर एफआईआर दर्ज कर ली गई। साथ ही, सूचना और प्रसारण मंत्रालय और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) के हस्तक्षेप के बाद यह वीडियो यूट्यूब से हटा लिया गया।
विवाद पर समय रैना ने दी ऐसी प्रतिक्रिया
समय रैना ने भी इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने एक्स (पहले ट्विटर) पर लिखा, “जो कुछ भी हो रहा है, वह मेरे लिए संभालना बहुत मुश्किल हो गया है। मैंने अपने चैनल से इंडियाज गॉट लैटेंट के सभी वीडियो हटा दिए हैं। मेरा एकमात्र उद्देश्य लोगों को हंसाना और अच्छा समय बिताना था। मैं सभी एजेंसियों के साथ पूरी तरह से सहयोग करूंगा ताकि उनकी जांच निष्पक्ष रूप से पूरी हो सके। धन्यवाद।”