अंतरराष्ट्रीय भारतीय फिल्म अकादमी पुरस्कार (IIFA) का आगाज हो चुका है। अबू धाबी के यास आइलैंड में आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय (2-4 जून) इवेंट आईफा में फिल्म इंडस्ट्री के कई सितारे रेड कारपेट पर उतरते नजर आएंगे। इस बड़े अवॉर्ड फंक्शन की मेजबानी आज 3 जून को अपारशक्ति खुराना के साथ फराह खान कुंदर करेंगी।
बप्पी लाहिरी और केके को देंगे श्रद्धांजलि
फराह खान ने मीडिया को बताया कि आईफा में बप्पी लाहिरी और कृष्णकुमार कुन्नथ (केके) को श्रद्धांजलि दी जाएगी। गायक केके का 1 जून की रात कोलकाता में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। फराह ने बताया, 'आईफा की सेरेमनी की बात करें तो हम बप्पी दा को श्रद्धांजलि देंगे। गायक केके के लिए हमने एक ट्रिब्यूट प्लान किया है। कई संगीत कलाकार हमें छोड़कर गए हैं। कई म्यूजिक कलाकार हमें छोड़कर गए हैं। मुझे यकीन है किसी न किसी तरह हम उन्हें आईफा में ट्रिब्यूट देंगे।'
'केके को नहीं चाहिए थी पब्लिसिटी'
फिल्म निर्माता और कोरियोग्राफर फराह खान ने आगे कहा कि केके के साथ मेरी कई विशेष यादें हैं। मुझे याद है कि मैं उनसे पहली बार अपनी फिल्म 'मैं हूं ना' के लिए मिली थी। उन्होंने 'चले जैसे हवाएं' गाना गाया था। फिल्म 'ओम शांति ओम' के लिए मुझे याद है कि मैंने विशाल शेखर से कहा था कि 'आंखों में तेरी' गाना सिर्फ केके ही अच्छा गा सकते हैं। केके बिल्कुल फिल्मी नहीं थे। उन्हें किसी तरह की लोकप्रियता नहीं चाहिए होती थी। वह रियल आर्टिस्ट थे।
'जब भी सोचती हूं, इमोशनल हो जाती हूं....'
उन्होंने आगे कहा, 'उनका फोकस केवल और केवल अपने गायन पर ही होता था। उन्हें अपनी नेटवर्किंग को लेकर भी चिंता नहीं होती थी। बस स्टूडियो में आते और अपना काम करके निकल जाते थे। मेरी आखिरी बार उनसे एक टीवी शो में मुलाकात हुई थी। उस वक्त उन्होंने मुझसे कहा था कि आप जल्दी ही फिल्म बनाओ, जिसमें मैं गाना गा सकूं। जब भी उनके बारे में सोचती हूं, इमोशनल हो जाती हूं।'
3 जून को ये करेंगे परफॉर्म
आईफा रॉक इवेंट में आज यानी 3 जून को गुरु रंधावा, हनी सिंह, नेहा कक्कड़, देवी श्री प्रसाद, तनिष्क बागची, ध्वनि भानुशाली और नोरा फतेही समेत कई हस्तियां परफॉर्म करती नजर आएंगी।
4 जून को होगा मेन इवेंट
आईफा का मेन इवेंट 4 जून को होगा, जिसकी मेजबानी बॉलीवुड स्टार सलमान खान, रितेश देशमुख और कॉमेडियन मनीष पॉल करते नजर आएंगे। फिनाले की तैयारी को लेकर सलमान खान ने कहा, 'मुझे यकीन है कि दुनियाभर के प्रशंसक हमारे जैसे ही उत्साहित हैं और भारतीय सिनेमा को विश्व स्तर पर लाने वाले इस मेगा इवेंट का इंतजार नहीं कर सकते।'
इस बड़े कार्यक्रम को लेकर यूएई में भारत के राजदूत संजय सुधीर ने कहा, 'भारत और यूएई के बीच मजबूत ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों को देखते हुए अबू धाबी शायद आईफा के लिए सबसे उपयुक्त स्थान है। मुंबई, यानी बॉलीवुड का दिल, अमीरात की पीढ़ियों के लिए भी घर रहा है और यूएई को भारत से जोड़ने वाला एक प्रमुख व्यापारिक बंदरगाह है।'