बिग बी की संपत्ति में इजाफा
शाहरुख खान अमीर एक्टर्स की लिस्ट में सबसे आगे हैं। हालांकि, उनकी कुल नेटवर्थ में गिरावट आई है। वहीं, अमिताभ बच्चन की नेटवर्थ में इजाफा हुआ है और रईस सितारों की सूची में वे दूसरे नंबर पर हैं। सलमान खान ने भी लिस्ट में एंट्री लेते हुए तीसरा स्थान सुरक्षित किया है। वहीं, जूही चावला और करण जौहर 'हुरुन इंडिया रिच लिस्ट' से बाहर हो गए हैं।
शाहरुख खान की नेटवर्थ कितनी?
हुरुन के अनुमान के मुताबिक, साल 2026 में शाहरुख खान की संपत्ति करीब 10,000 करोड़ रुपये है। हालांकि, एक साल पहले किंग खान की संपत्ति 12,490 करोड़ रुपये थी। कागजों पर उनकी दौलत में गिरावट काफी बड़ी नजर आती है। मगर, शाहरुख और लिस्ट में उनके बाद जगह बनाने वाले सितारों की नेटवर्थ में काफी बड़ा फासला है।
- शाहरुख की नेटवर्थ की बात करें तो, उनकी दौलत सिर्फ फिल्मों से होने वाली आमदनी से नहीं बनी है।
- उनके बिजनेस में उनका प्रोडक्शन हाउस 'रेड चिलीज एंटरटेनमेंट' शामिल है।
- साथ ही 'नाइट राइडर्स स्पोर्ट्स' के जरिए इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की टीम 'कोलकाता नाइट राइडर्स' से जुड़ाव ने भी उनकी दौलत बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है।
कितनी घटी शाहरुख की संपत्ति?
लिस्ट के मुताबिक शाहरुख खान की लिस्ट में करीब 2,490 करोड़ रुपये की कमी आई है। बावजूद इसके बॉलीवुड के सबसे अमीर एक्टर्स की रैंकिंग में कोई बदलाव नहीं आया है। शाहरुख खान ही सबसे आगे हैं। वहीं, दिग्गज एक्टर अमिताभ बच्चन 4,000 करोड़ की अनुमानित संपत्ति के साथ दूसरे नंबर पर हैं। जहां शाहरुख की अनुमानित संपत्ति घटी है, वहीं अमिताभ बच्चन की संपत्ति में बढ़त देखी गई है। साल 2025 में बिग बी की नेटवर्थ 1,630 करोड़ रुपये आंकी गई थी।
तीसरे नंबर पर सलमान खान
उनके बाद सलमान खान तीन हजार करोड़ रुपये के साथ तीसरे नंबर पर आए हैं। उनके बाद ऋतिक रोशन हैं, जिनकी संपत्ति करीब 2,500 करोड़ रुपये हैं।