बॉलीवुड की मच अवेटेड फिल्म ‘हाउसफुल 5’ जहां एक तरफ बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई कर रही है, वहीं दूसरी तरफ इसका गाना ‘लाल परी’ विवादों में आ गया है। इस गाने की कोरियोग्राफी को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। एक डांस कंटेंट क्रिएटर ने गाने के मशहूर हुक स्टेप को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिन पर अब फिल्म के निर्देशक तरुण मनसुखानी ने सफाई दी है।
दरअसल, एक डांसर और सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर संदीप ब्राह्मण ने दावा किया है कि ‘लाल परी’ गाने में इस्तेमाल किया गया हुक स्टेप उन्हीं के एक लोकप्रिय डांस वीडियो से लिया गया है। उनका कहना है कि न तो उनसे इस बारे में कोई अनुमति ली गई और न ही उन्हें कोई क्रेडिट दिया गया। उन्होंने कोरियोग्राफर रेमो डिसूजा और फिल्म के निर्माताओं पर यह आरोप लगाए। पैपराजी पेज ताहिर जासूस के ऑफिशियल इंस्टाग्राम पर इस बात की जानकारी दी गई है।
ये खबर भी पढ़ें:
Kartik Aaryan: कार्तिक ने शेयर की 'तू मेरी मैं तेरा मैं...' के सेट से BTS तस्वीरें, फैंस ने किए मजेदार कमेंट्स
डायरेक्टर ने दिया रिएक्शन
इन आरोपों के बाद निर्देशक तरुण मनसुखानी ने पहली बार इस विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने न्यूज 18 को बताया कि उन्हें इस डांस स्टेप की असलियत का पता विवाद के बाद चला। उनका कहना है कि किसी को नुकसान पहुंचाने या जानबूझकर कुछ चुराने का उनका कोई इरादा नहीं था। उन्होंने ये भी स्वीकारा कि यह कदम शायद उनकी टीम में से किसी ने सोशल मीडिया पर देखा और उसे बेहतरीन समझकर गाने में इस्तेमाल कर लिया।
'अगर पता होता तो संदीप को ही कोरियोग्राफर बनाते'
तरुण ने ये भी कहा कि अगर वो संदीप को पहले से जानते होते, तो शायद उन्हें ही इस गाने की कोरियोग्राफी का हिस्सा बनाते। उन्होंने इस बात को दोहराया कि पूरी प्रक्रिया में किसी भी तरह की साजिश नहीं थी और जो कुछ भी हुआ, वह अनजाने में हुआ। निर्देशक ने संदीप से माफी मांगते हुए कहा, ‘अगर उन्हें लगता है कि उनके साथ अन्याय हुआ है, तो हमें इसका बहुत खेद है।’
फिल्म की बॉक्स ऑफिस पर बंपर ओपनिंग
जहां एक तरफ ये विवाद फिल्म की छवि पर असर डाल रहा है, वहीं हाउसफुल 5 की कमाई का ग्राफ लगातार ऊपर जा रहा है। अक्षय कुमार, रितेश देशमुख और अभिषेक बच्चन की इस मल्टीस्टारर फिल्म ने रिलीज के महज चार दिनों में ही 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। बुधवार को फिल्म ने 8 करोड़ रुपये की कमाई की, जिससे इसका कुल घरेलू कलेक्शन 119.75 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है।
सोशल मीडिया पर यूजर्स का रिएक्शन
गाने को लेकर मचे विवाद पर सोशल मीडिया दो हिस्सों में बंट गया है। कुछ यूजर्स संदीप ब्राह्मण का समर्थन कर रहे हैं और उन्हें न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं, जबकि कुछ का मानना है कि फिल्म इंडस्ट्री में ऐसी चीजें अक्सर होती रहती हैं और जरूरी नहीं कि हर बार नकल जानबूझकर की गई हो।