फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हॉलीवुड के इस स्टूडियो ने फेंका नया पैंतरा, अगले साल सारी फिल्में थिएटर के साथ आएंगी ओटीटी पर

Fri, 04 Dec 2020 04:01 PM IST
प्रतीक्षा राणावत मुंबई ब्यूरो, अमर उजाला
विज्ञापन
मैट्रिक्स - फोटो : फाइल फोटो
विज्ञापन

हॉलीवुड के जाने-माने स्टूडियो वॉर्नर ब्रदर्स ने फैसला किया है कि अगले साल यानी वर्ष 2021 में उनके प्रोडक्शन में बनने वाली सभी फिल्मों को वे सिनेमाघरों और ओटीटी पर एक साथ रिलीज करेंगे। उन्हें अंदेशा है कि कोरोना वायरस की वजह से मनोरंजन जगत में फैली अव्यवस्था जिस तरह इस साल रही है, यह अगले साल भी जारी रहेगी। वह नहीं चाहते कि बेहतरीन फिल्म होने के बावजूद आर्थिक रूप से जिस तरह 'टेनेट' का हाल दुनिया भर में हुआ, वैसा ही उनकी सभी फिल्मों का हो।

विज्ञापन


वॉर्नर ब्रदर्स ने अपने इस फैसले से बता दिया है कि फिल्मों की जगह अब सिर्फ सिनेमाघरों में ही नहीं, बल्कि लोगों के घरों में भी हो गई है। लॉकडाउन के दौरान तो लोगों ने पूरा सिनेमा अपने घरों में ही देखा है। नई और पुरानी सभी तरह की फिल्में और वेब सीरीजें ओटीटी पर ही रिलीज हुईं। यहां तक कि लॉकडाउन खत्म होने के बाद भी यह सिलसिला जारी है। वॉर्नर ब्रदर्स का यह फैसला लेने का एक कारण और है। अमेरिका में बड़े सिनेमाघरों के मालिकों ने फिलहाल कुछ महीनों के लिए सिनेमाघरों को बंद रखने का ही फैसला किया है।

विज्ञापन

वंडर वुमन
दरअसल, सिनेमाघरों के मालिकों का मानना है कि जब निर्माता अपनी फिल्मों की रिलीज की तारीख को आगे खिसका सकते हैं तो क्यों न तब तक सिनेमाघरों को भी बंद रखा जाए। वैसे भी इस कोरोना काल में जिन सिनेमाघरों को खोला गया है, वह नई फिल्में होने के बावजूद दर्शक न जुटा पाने का रोना रो रहे हैं। वॉर्नर ब्रदर्स अगले साल 'मैट्रिक्स 4', 'गॉडजिला वर्सेस कोंग', 'ड्यून' जैसी कई बड़ी फिल्मों को रिलीज करने वाला है। अब वह इन सभी फिल्मों को सिनेमाघरों के साथ अपने ओटीटी प्लेटफॉर्म एचबीओ मैक्स पर भी रिलीज करेगा।

दरअसल, वॉर्नर ब्रदर्स की योजना कुछ ऐसी है कि वह फिल्मों की रिलीज की निश्चित तारीख पर उन्हें सिनेमाघरों में रिलीज करेगा और अपने ओटीटी प्लेटफॉर्म एचबीओ मैक्स पर भी दिखाएगा। लेकिन, ओटीटी प्लेटफॉर्म पर यह फिल्म मात्र एक महीने के लिए ही चलेगी। उसके बाद स्टूडियो अपने प्लेटफॉर्म से इस फिल्म को निकाल देगा। और बाद में यह फिल्म सिर्फ सिनेमाघरों में ही चलती रहेगी। उसका यह फॉर्मूला पूरे एक साल तक जारी रहेगा। स्टूडियो का कहना है कि फिलहाल के लिए सिनेमाघरों में मनोरंजन को लेकर उपजी समस्या का यही एकमात्र इलाज है।

और सिनेमाघरों और ओटीटी प्लेटफॉर्म को एक साथ ले चलने का काम वॉर्नर ब्रदर्स ने अपनी आने वाली फिल्म 'वंडर वुमन 1984' के साथ शुरू भी कर दिया है। यह फिल्म अमेरिका में सिनेमाघरों और ओटीटी पर एक साथ रिलीज होगी। सिनेमाघरों की जैसी हालत अमेरिका में हैं, लगभग वैसी ही देश में भी है। यहां के यशराज फिल्म्स जैसे बड़े स्टूडियोज तो सिनेमाघरों के साथ समझौता करने के लिए तैयार हैं लेकिन मल्टीप्लेक्स एसोसिएशन ने तो साफ कर रखा है कि वह सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली फिल्मों को ओटीटी पर जाने की इजाजत दो महीने बाद ही दे सकते हैं। 

पढ़ें: ‘हीरो नंबर वन’ गोविंदा की टीआरपी लिस्ट में धमाकेदार एंट्री, साउथ के कलाकारों का हिंदी पट्टी पर कब्जा
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें