हॉलीवुड केवल बेहतरीन फिल्में बनाने ही नहीं वरन उनसे जुड़ी छोटी से छोटी चीज को भारी मुनाफे में बेचने की कला में भी माहिर है। चाहे वो प्रसिद्ध कलाकारों के पैरों के निशान हों या वे स्थान जहां हिट फिल्मों की शूटिंग हो चुकी है। हॉलीवुड का चर्चित ‘यूनिवर्सल’स्टूडियो इसका जीता जागता सबूत है। यहां हिट फिल्मों के यादगार सेट आज भी दिख जाएंगे।
‘यूनिवर्सल’ऐसे सेट्स को पर्यटकों के लिए खोलकर अच्छी कमाई कर रहा है। 30 अप्रैल को हॉलीवुड के प्रमुख स्टूडियो ‘यूनिवर्सल’ की स्थापना के 103 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इसे लेकर यहां काफी उत्साह है। ‘यूनिवर्सल’वही स्टूडियो है जिसने 1993 में विश्व की सर्वाधिक (एक अरब 29 करोड़ डॉलर) की कमाई करने वाली फिल्म ‘जूरासिक पार्क’ का निर्माण किया था।
यूनिवर्सल में प्रतिवर्ष बीस फिल्मों का निर्माण होता है। यह बेहद सफल रही जॉज (1975), ईटी : एक्स्ट्रा टेरेस्ट्रियल, ममी, बीथोवेन बैक टू फ्यूचर, एयरपोर्ट, ड्रैगनहार्ट, हैरीपॉटर सीरीज जैसी हजारों फिल्मों से जुड़ा रहा है। सफलता को कैसे भुनाया जाए हॉलीवुड और ‘यूनिवर्सल’ स्टूडियो से सीखा जा सकता है। ‘यूनिवर्सल’ स्टूडियो में निर्मित वे फिल्में जो रिकॉर्ड सफल रहीं उनके थीम सैट बनाए गए हैं। अनेक फिल्मों के सैट हूबहू आज भी मौजूद हैं, जिन्हें टिकट लेकर देखा जा सकता है। यही नहीं यहां फिल्मों में बाढ़, भूकंप, आग लगने, वर्षा होने, एक्सीडेंट, कारों की भिड़ंत के जीवंत दृश्य भी दिखाए जाते हैं।
‘यूनिवर्सल’ ने खोज लिया आजीवन मोटी कमाई का जरिया
यूनिवर्सल स्टूडियो
स्टूडियो में ‘ट्रांसफार्मर्स’ के खास दृश्यों के 3डी, 4डी वर्जन इस तरह दिखाए जाते हैं कि दर्शक स्वयं को उस कहानी का एक पात्र महसूस करने लगता है। रोमांचित करने वाले ऐसे तमाम तरीकों के जरिए ‘यूनिवर्सल’ने आजीवन मोटी कमाई का जरिया खोज लिया है।
बीते वर्ष स्टूडियो ने ऐसे ही उपाय करके 35 मिलियन डॉलर कमाए। यहां जूरासिक पार्क, ममी, हैरी पॉटर, मिकी माउस, स्पाइडरमैन, मार्लिन मुनरो के वेष में कलाकारों का मिल जाना आम बात है। स्टूडियो में इन कलाकारों के साथ फोटो खिंचाने की होड़ रहती है। इससे कमाई तो होती ही है फिल्मों के ये पात्र यादगार हो जाते हैं। यही हाल हॉलीवुड बोलवार्ड का है जहां डाल्बी थियेटर है जिसमें ऑस्कर अवार्ड समारोह होता है।
इन दिनों यूनिवर्सल में हालिया रिलीज हुई ‘द हंट्समैन’ और ‘द बॉस’ के अलावा ‘द जंगल बुक’की धूम है। यूनिवर्सल स्टूडियो में जिन स्थानों पर हिट फिल्मों की शूटिंग हुई है वो स्थान बड़े पर्यटक स्थल के रूप में विकसित हो चुके हैं। ऐसे प्रयोग उत्तराखंड में भी किए जा सकते हैं जहां बॉलीवुड की दर्जनों हिट फिल्मों की शूटिंग हो चुकी है। कश्मीर में ऐसे प्रयोग सफल रहे हैं। जहां पहलगाम में फिल्म ‘बेताब’की शूटिंग हुई थी, उसका नाम अब बेताब घाटी रख दिया गया है जो पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र है।