आपको बता दें कि मार्वल कॉमिक्स के जनक और हॉलीवुड सिनेमा के जाने-माने चेहरे स्टेन ली का 95 साल की उम्र में निधन हो गया है। बीते सोमवार रात उन्होंने अमेरिका के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन से हॉलीवुड से लेकर बॉलीवुड इंडस्ट्री में शोक की लहर है। स्टेन ली पिछले कुछ सालों से कई बीमारियों से जूझ रहे थे।
28 दिसंबर 1922 को न्यूयॉर्क में जन्मे स्टेन ली ने 1961 में दि फैंटास्टिक फोर के साथ मार्वल कॉमिक्स की शुरुआत की थी। बाद में इसमें स्पाइडर मैन, एक्स मैन, हल्क, आयरन मैन, ब्लैक पैंथर, थोर, डॉक्टर स्टैंज और कैप्टन अमेरिका जैसे किरदार शामिल किए गए। इन किरदारों पर बाद में फिल्में भी बनीं जिन्होंने बॉक्स ऑफिस पर भी जमकर धमाल मचाया।
मार्वल की अब तक की लगभग हर फिल्म में स्टेन ली ने कैमियो रोल किया। कॉमिक्स के अलावा स्टेन ली ने फिल्मों में स्क्रीनप्ले भी लिखे थे। उनकी कॉमिक्स के पूरी दुनिया में दीवाने हैं। केवल हॉलीवुड ही नहीं बल्कि स्टेम ली ने भारतीय सुपरहीरो फिल्म चक्र भी बनाई, जो दर्शकों को काफी पसंद आई थी।