यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की
- फोटो : सोशल मीडिया
यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की को कथित तौर पर लगातार दूसरे वर्ष ऑस्कर द्वारा अस्वीकार कर दिया गया है। वैराइटी के अनुसार, वह पिछले सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बाद इस रविवार को ऑस्कर में टेलीकास्ट होने की उम्मीद कर रहे थे, लेकिन उनके अनुरोध को अस्वीकार कर दिया गया है। कॉमेडियन से राजनेता बने जेलेंस्की ने पिछले एक साल में ग्रैमी अवार्ड्स, गोल्डन ग्लोब्स, कान और हाल ही में बर्लिन जैसे फिल्म समारोहों में सैटेलाइट के माध्यम से अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी। जानकारी के लिए बता दें कि पिछले महीने यूक्रेन पर रूस के हमले की पहली बरसी थी।
यह भी पढ़ें- Ranbir Kapoor: रणबीर को पहली बार धूम्रपान करते देख कैसा था मां नीतू कपूर का रिएक्शन? अभिनेता ने किया खुलासा
सूत्रों के मुताबिक डब्लूएमई पावर एजेंट माइक सिम्पसन ने जेलेंस्की को शामिल करने का एकेडमी से अनुरोध किया था, लेकिन इसे रिजेक्ट कर दिया गया। एकेडमी ने इस पर टिप्पणी करने से भी इनकार कर दिया। बता दें कि उनका प्रस्ताव ऐसे समय पर दिया गया जब पोल के जरिए यह बात सामने आई कि यूक्रेन को सहायता प्रदान करने के लिए अमेरिकी लोगों के समर्थन में कमी आई है।
यह भी पढ़ें- Chaim Topol: ऑस्कर विजेता इस्राइली अभिनेता चैप टोपोल का निधन, 87 साल की उम्र में ली अंतिम सांस
गौरतलब है कि फरवरी 2022 में यूक्रेन पर रूसी आक्रमण के बाद जेलेंस्की कान और वेनिस फिल्म फेस्टिवल के साथ-साथ ग्रैमी अवार्ड्स में सैटेलाइट के माध्यम से जुड़ चुके हैं। इसके अलावा वह सितंबर में वर्चुअल रूप से न्यूयॉर्क स्टॉक एक्सचेंज की ओपनिंग बेल भी बजा चुके हैं। जनवरी में गोल्डन ग्लोब्स में, सीन पेन ने जेलेंस्की का परिचय कराया था। इस दौरान यूक्रेनी राष्ट्रपति ने अपने संदेश को दोहराते हुए कहा था कि उनका देश रूस से यह जंग जीत जाएगा। साथ ही, उन्होंने यूक्रेन का साथ देने वाले लोगों की प्रशंसा भी की थी।