वॉल्ट डिज्नी एनिमेशन स्टूडियो को बॉक्स ऑफिस पर सफलता मिले पांच साल हो गए हैं और 'मोआना 2' मंदी को तोड़ने की कोशिश कर रही है। सीक्वल का ट्रेलर बुधवार को जारी हुआ, जिसने रिकॉर्डतोड़ व्यूअरशिप हासिल की है। 'मोआना 2' के ट्रेलर को 24 घंटों में 178 मिलियन बार देखा गया, किसी एनिमेटेड फिल्म के लिए यह अब तक का सबसे ज्यादा देखा जाने वाला ट्रेलर बन गया है।
'मोआना 2' ने 'इनसाइड आउट 2' को दिया धोबी पछाड़
'मोआना 2' के ट्रेलर व्यूज का रिकॉर्ड पिक्सर के 'इनसाइड आउट 2' के ट्रेलर को भी पीछे छोड़ने में सफल रहा है। 'इनसाइड आउट 2' के ट्रेलर को 24 घंटे में 157 मिलियन बार देखा गया था। वहीं, 2019 के 'फ्रोजन II' ट्रेलर को 116 मिलियन व्यूज मिले थे। 'मोआना 2' की बात करें तो अपने रास्ते खोजने वाले पूर्वजों से एक अप्रत्याशित कॉल प्राप्त करने के बाद, मोआना को एक साहसिक कार्य के लिए ओशिनिया के सुदूर समुद्र और खतरनाक, लंबे समय से खोए हुए पानी की यात्रा करनी होगी, जिसका उसने पहले कभी सामना नहीं किया है। औली क्रावल्हो और ड्वेन जॉनसन मोआना और देवता माउई के रूप में लौटे हैं।