कान फिल्म फेस्टिवल में हुई थी पहली मुलाकात
हेली ने अदालत से कहा कि कथित घटना से दो महीने पहले मई 2006 में वह फ्रांस के कान फिल्म फेस्टिवल में वीनस्टीन से मिली थीं। वहां वह वीनस्टीन के होटल रूम में फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में नौकरी के अवसरों पर बात करने गई थीं, लेकिन वीनस्टीन ने जल्द ही बातचीत को दूसरी दिशा में मोड़ दिया। हेली ने कहा, “उन्होंने मेरे पैरों पर टिप्पणी की और सुझाव दिया कि हम एक-दूसरे को मसाज दें।” हेली ने उनके प्रस्ताव को ठुकरा दिया और रोते हुए कमरे से बाहर निकल गईं। उन्होंने कहा, “मैं हैरान थी, मुझे अपमानित महसूस हुआ। मुझे लगा कि वह मुझे बिल्कुल भी गंभीरता से नहीं ले रहे थे।”
Gary Oldman: 30 साल पहले कौन सी हरकत के लिए गेरी ने डेमी मूर से माफी मांगी, जवाब में एक्ट्रेस ने क्या कहा?
अदालत में साझा की बचपन की कड़वी यादें
हेली ने अपनी गवाही की शुरुआत अपने बचपन की दर्दनाक यादों से की। उन्होंने साझा किया कि फिनलैंड और स्वीडन में उनका बचपन अच्छे माहौल में नहीं बीता है। बाद में उनकी रुचि परफॉर्मिंग आर्ट्स में बढ़ी और वह फिल्म इंडस्ट्री में बतौर प्रोडक्शन असिस्टेंट काम करने लगीं। वह मशहूर “रॉकी हॉरर पिक्चर शो” के निर्माता माइकल व्हाइट की असिस्टेंट भी रहीं।
वीनस्टीन के खिलाफ दोबारा दी गवाही
यह दूसरी बार है जब हेली वीनस्टीन के खिलाफ गवाही दे रही हैं। 2020 में हुई पहली सुनवाई में भी उन्होंने अपनी आपबीती सुनाई थी। पिछले साल न्यूयॉर्क की अपील कोर्ट ने वीनस्टीन की 23 साल की सजा को रद्द कर नया मुकदमा चलाने का आदेश दिया था, क्योंकि पहली सुनवाई में जज के कुछ फैसले पक्षपातपूर्ण पाए गए थे। हेली शुरू में दोबारा गवाही देने से हिचक रही थीं, लेकिन आखिरकार वह अदालत में पेश होने के लिए तैयार हो गईं। अदालत में हेली ने वीनस्टीन की ओर देखने से परहेज किया। केवल जब अभियोजक ने उन्हें वीनस्टीन की पहचान करने को कहा तब उन्होंने उनकी ओर इशारा किया। 73 वर्षीय वीनस्टीन अपने वकीलों के बीच बैठे थे और हेली की ओर देख रहे थे।
वीनस्टीन के वकीलों का विरोध
हेली की गवाही शुरू होते ही वीनस्टीन के वकीलों ने उनके बचपन के अनुभवों पर बात करने का विरोध किया। उनका कहना था कि ये जानकारी मामले से जुड़ी नहीं है और जूरी को भ्रमित कर सकती है। हालांकि, जज ने हेली को जवाब देने की इजाजत दी। हेली ने संक्षिप्त रूप से भावुक होते हुए खुद को संभाला और गवाही जारी रखी।
तीन महिलाओं ने लगाए हैं आरोप
वीनस्टीन पर तीन महिलाओं ने यौन शोषण के आरोप लगाए हैं। हेली के अलावा वीनस्टीन के खिलाफ काजा सोकोला और जेसिका मान गवाही देने की उम्मीद है। वहीं, वीनस्टीन ने सभी आरोपों से इनकार किया है और कहा है कि उन्होंने कभी किसी के साथ दुष्कर्म या यौन शोषण नहीं किया।