अंतरराष्ट्रीय मीडिया तो पहले से ही अभिनेता डेनियल क्रेग की अंतिम बॉन्ड फिल्म 'नो टाइम टू डाई' के रिलीज की तारीख को बदलने की खबरें देती रही है लेकिन तब से निर्माताओं ने कोई पुष्टि नहीं की। हालांकि, अब उन्होंने आधिकारिक तौर पर खुद अपनी तरफ से घोषणा कर दी है। डेनियल अब तक जेम्स बॉन्ड फ्रेंचाइजी में 'क्वांटम ऑफ सोलेस', 'स्काईफॉल', 'कसीनो रॉयल' और 'स्पेक्टर 007' फिल्मों में काम कर चुके हैं। और अब 'नो टाइम टू डाई' उनकी आखिरी फिल्म होगी। फिल्म के ट्रेलर में दिखा दिया गया है कि दर्शकों के सामने नया जेम्स बांड कोई अभिनेता नहीं, बल्कि एक अभिनेत्री लाशना लिंच होंगी।
जैसा कि जेम्स बॉन्ड सीरीज में 'नो टाइम टू डाई' फिल्म डेनियल क्रेग की अंतिम फिल्म होगी, इसकी निर्माता बारबरा ब्रोकोली ने अपने बयान में कहा है कि जिस तरह की आशा इस सीरीज के प्रशंसक लगाए बैठे हैं, डेनियल क्रेग के रूप में जेम्स बॉन्ड का अंत इस फिल्म में बहुत शानदार होने वाला है। इस फिल्म के ओटीटी पर रिलीज होने के बारे में भी खबरें आ चुकी हैं लेकिन निर्माताओं ने साफ तौर पर कह दिया है कि जेम्स बॉन्ड सीरीज की कोई फिल्म बिकाऊ नहीं है। यह फिल्म सिनेमाघरों में ही रिलीज होगी।