इंडियाना जोन्स 15 साल के बाद कान फिल्म फेस्टिवल में वापसी करने जा रहा है। लुका फिल्म की 'इंडियाना जोन्स एंड द डायल ऑफ डेस्टिनी' 18 मई, गुरुवार को इस महोत्सव में प्रदर्शित की जाएगी। फिल्म में हैरिसन फोर्ड लीड रोल में नजर आएंगे, जबकि इसका निर्देशन जेम्स मैनगोल्ड ने किया है। इस फ्रेंचाइजी की यह अंतिम फिल्म 30 जून को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। जानकारी के अनुसार इसे अंग्रेजी के अलावा हिंदी, तमिल और तेलुगू में रिलीज किया जाएगा।
कान फिल्म फेस्टिवल को लेकर मैनगोल्ड ने कहा, ''1995 में मुझे डायरेक्टर्स फोर्टनाइट का हिस्से होने के रूप में अपनी पहली फिल्म के साथ कान में आने का मौका मिला था। 28 साल बाद, मुझे यहां वापस लौटकर गर्व महसूस हो रहा है। मेरे दिग्गज सहयोगी और मैं आपके साथ एक नया और अंतिम इंडियाना जोन्स एडवेंचर साझा करने के लिए बहुत उत्साहित हैं।''
फोर्ड के साथ इस फिल्म में फीबे वालर-ब्रिज, एंटोनियो बैंडेरस, जॉन राइस-डेविस, टोबी जोन्स, बॉयड होलब्रुक, एथन इसिडोर और मैड्स मिकेलसेन भी नजर आएंगे। जेम्स मैंगोल्ड द्वारा निर्देशित यह फिल्म कैथलीन कैनेडी, फ्रैंक मार्शल और साइमन इमानुएल द्वारा निर्मित है। फिल्म के साथ स्टीवन स्पीलबर्ग और जॉर्ज लुकास एक्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर के तौर पर जुड़े हुए हैं।