डंबलडोर का किरदार निभाना चाहते हैं पीयर्स ब्रॉसनन
उम्र को लेकर कही ये बात
पीयर्स ब्रॉसनन ने यह भी कहा कि वह इस रोल के लिए पहले ही तैयार हैं। खासकर अब जब उनका जीवन और अनुभव उनकी उम्र के साथ और परिपक्व हुआ है। उनका कहना है, "डंबलडोर का रोल मेरे लिए हमेशा आकर्षक रहा है, खासकर जब से मेरी उम्र बढ़ी है और मेरी पहचान में एक नई परिपक्वता आई है।"
जेम्स बॉन्ड की चार फिल्मों में आ चुके हैं नजर
पियर्स ब्रॉसनन जेम्स बॉन्ड के रूप में चार फिल्मों में अभिनय कर चुके हैं। वहीं, हाल ही में उन्होंने पांच फिल्मों का काम पूरा किया। वह 2023 में हुए हॉलीवुड स्ट्राइक के बाद आने वाले अवसरों का पूरा फायदा उठाना चाहते हैं। उन्होंने कहा, "डेढ़ साल पहले मुझे ऐसा लग रहा था कि भविष्य में कुछ भी नहीं है। मैं अपनी पत्नी से कह रहा था कि मैं नहीं जानता कि हम कहां जा रहे हैं। व्यापार में एक भारी चिंता थी।" ब्रॉसनन ने यह भी कहा कि कभी-कभी एक अभिनेता को चुनाव का सामना करना पड़ता है, कभी-कभी नहीं, लेकिन परिवार और बच्चों के होने के कारण वह अपनी जिम्मेदारियों को समझते हैं।
स्पाईमास्टर एम के किरदार नहीं आएंगे नजर
जहां एक ओर पियर्स ब्रॉसनन के बारे में अटकलें लग रही थीं कि वह अगली जेम्स बॉन्ड फिल्म में स्पाईमास्टर एम का किरदार निभा सकते हैं। वहीं, अभिनेता ने इस बात को पूरी तरह से नकार दिया है। उन्होंने कहा, "वाकई? ओह गॉड, देखिए, हवा कहां ले जाती है हमें। मेरी पत्नी मुझे कुछ बातें बताती हैं, जो चल रही होती हैं, लेकिन इस बारे में उसने मुझे कुछ नहीं बताया।"
रिटायरमेंट का नहीं है कोई प्लान
ब्रॉसनन ने यह भी साफ किया कि उनका रिटायरमेंट का कोई विचार नहीं है। उन्होंने कहा, "मैंने कभी अपनी उम्र के बारे में नहीं सोचा। मुझे 72 साल की उम्र जैसा कुछ महसूस नहीं होता।" जब उनसे पूछा गया कि क्या 70 अब 50 के बराबर है तो उन्होंने कहा, "यह सच है। हमने अपने शरीर और जीवनशैली को पूरी तरह बदल दिया है। आजकल लोग रिटायर नहीं हो सकते और मैं भी नहीं चाहता। अगर मैंने रिटायरमेंट लिया तो मैं बहुत जल्दी बीमार पड़ जाऊंगा।"