इससे पहले ऐसा सौदा फॉक्स स्टार स्टूडियोज और डिज्नी के बीच में भी हो चुका है। फॉक्स स्टार भी देश से अपना कारोबार समेटने वाला था। लेकिन, डिज्नी ने आकर उसके कारोबार को बनाए रखा। यूनिवर्सल पिक्चर्स और वॉर्नर ब्रदर्स ने एक दूसरे से हाथ मिलाने की घोषणा इस साल की शुरुआत में ही कर दी थी। अब यह सौदा पूरा हो चला है। यूनिवर्सल पिक्चर्स के बैनर तले बनी कुछ फिल्में 'नो टाइम टू डाई', 'फास्ट एंड फ्यूरियस 9', 'द बेबी बॉस- फैमिली बिजनेस', 'जुरासिक वर्ल्ड- डोमिनियन', आदि हैं। इन फिल्मों को अब वॉर्नर ब्रदर्स देश में रिलीज करेगा। वहीं, वॉर्नर ब्रदर्स की कुछ फिल्में 'वंडर वूमन 1984', 'टॉम एंड जेरी', 'गॉडजिला वर्सेस कोंग', 'द कंजरिंग- द डेविल मेड मी डू इट', 'द बैटमैन' हैं, जिन्हें यूनिवर्सल पिक्चर्स की ओर से बाकी देशों में मदद मिलेगी।
खबर यह भी है कि वॉर्नर ब्रदर्स ने अपने टीवी चैनल एचबीओ को भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश और मालदीव में बंद करने का फैसला कर लिया है। यह चैनल ब्लॉकबस्टर हॉलीवुड फिल्में दिखाने के लिए जाना जाता है। चयनित देशों में यह चैनल आखिरी बार 15 दिसंबर को देखा जाएगा। हालांकि, वॉर्नर ब्रदर्स अपना कार्टून नेटवर्क चैनल बंद नहीं करेगा। वह ज्यों का त्यों सभी देशों में चलता रहेगा। दरअसल, वॉर्नर ब्रदर्स को अपने ओटीटी प्लेटफॉर्म पर ज्यादा ध्यान देना है इसलिए, उसने यह कदम उठाने के बारे में सोचा है।