नेटफ्लिक्स के रियलिटी शो टेरेस हाउस की नवीनतम श्रृंखला में दिखाई देने वालीं हाना किमूरा (Hana Kimura) का निधन हो गया है। वह महज 22 वर्ष की थीं। हाना एक पेशेवर जापानी पहलवान भी थीं, जिनके करोड़ों फैंस हैं। कई कलाकारों ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए ट्वीट भी किया है।
वी आर स्टारडम ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर बयान जारी करते हुए लिखा है, 'हमें यह बताते हुए बेहद दुख हो रहा है कि हमारी हाना अब इस दुनिया में नहीं रही। कृपया चीजों को प्रक्रिया में लाने के लिए कुछ समय दीजिए। किमूरा के परिवार और दोस्तों को इस दुख को सहने की शक्ति देने के लिए प्रार्थना कीजिए।'
किमूरा की मौत की असली वजह अभी सामने नहीं आ पाई है, लेकिन कुछ फैंस ने जानकारी दी है कि युवा रेसलर साइबर बदमाशी से परेशान थी। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
वहीं दूसरी ओर किमूरा का आखिरी पोस्ट वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने लिखा है- 'मैं आपसे प्यार करती हूं। आपकी उम्र लंबी और खुशनुमा हो। मुझे माफ कर देना।'