दो बार गोल्डन ग्लोब विनर रहीं दिग्गज अमेरिकी अभिनेत्री कैथरीन हेलमंड (Katherine Helmond) का 89 साल की उम्र में निधन हो गया है। वह पिछले कई सालों से अल्जाइमर्स से पीड़ित थीं। 'हॉलीवुड रिपोर्टर डॉट कॉम' के मुताबिक, हेलमंड की टैलेंट एजेंसी ने उनके निधन की पुष्टि करते हुए कहा कि अभिनेत्री ने 23 फरवरी को अंतिम सांस ली।
कैथरीन साल 1977 से लेकर 1981 तक प्रसारित हुए टीवी शो 'सोप' में जेसिका टेट की भूमिका से बेहद लोकप्रिय हुई थीं। इसके अलावा वह 'कोच', 'हूज द बॉस?' और 'एव्रीबडी लव्स रेमंड' जैसे टीवी शोज में भी नजर आ चुकी हैं।
हेलमंड को 'एवरीबडी लव्स रेमंड' सहित सात बार एमी पुरस्कार नामांकन मिल चुके हैं। फिल्मों की बात करें तो कैथरीन हेलमंड 'टाइम बैंडिट्स', 'ब्राजील' और 'फियर एंड लोथिंग इन लास वेगास' जैसी फिल्मों में भी नजर आ चुकी हैं।