लॉकडाउन के चलते ऐसा प्रतीत हो रहा है कि पूरी दुनिया 'थ्रोबैक' में चली गई है। जहां दूरदर्शन ने रामायण से लेकर महाभारत जैसे सीरियल्स शुरू किए। तो उसकी देखा-देखी दूसरे टीवी चैनल्स भी अपने पुराने शोज लेकर कतार में खड़े हो गए हैं। इंडस्ट्री में हलचल न होने से अखबारों के कई पेज 'ब्लैक एंड वाइट' में तब्दील हो गए हैं। सोशल मीडिया खोलते ही ऐसा प्रतीत होता है मानो कोई पुरानी फोटो एलबम सामने आ गई है। सेलेब्स से लेकर आम लोग अपनी पुरानी यादों में डूबे नजर आ रहे हैं। इसी के चलते 'मीएट20' जैसे ट्रेंड भी शुरू हो गए। इसी फेरिस्त में ओटीटी भी खड़ा नजर आ रहा है। ज्यादातर ओटीटी प्लेटफॉर्म के ट्रेंड को देख मालूम पड़ता है कि यह लोगों के अकेलेपन को दूर करने का जरिया बनकर उभरा है। लोगों को टीवी पर देसी कंटेंट तो प्राप्त हो रहा है लेकिन पुराने विदेशी कंटेंट के लिए वे ओटीटी का रुख कर रहे हैं।