दिग्गज अभिनेता डोनाल्ड सदरलैंड का 88 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। डोनाल्ड ने लंबी बीमारी से जूझने के बाद 20 जून को अंतिम सांस लेकर दुनिया को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया। इस दुखद खबर की पुष्टि डोनाल्ड के बेटे किफर सदरलैंड ने की है। किफर ने सोशल मीडिया पर एक भावुक नोट लिखा। साथ ही अपने पिता को एक ऐसे कलाकार के रूप में याद किया जो अपनी कला से प्यार करते थे और एक ऐसे अभिनेता थे जो हॉलीवुड के सबसे महत्वपूर्ण सितारों में से एक थे।
किफर ने लिखा भावुक नोट
किफर ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक बयान में लिखा, 'भारी मन से, मैं आपको बताता हूं कि मेरे पिता डोनाल्ड सदरलैंड का निधन हो गया है। मैं व्यक्तिगत रूप से उन्हें फिल्म के इतिहास में सबसे महत्वपूर्ण अभिनेताओं में से एक मानता हूं। वह कभी भी किसी भूमिका से घबराएं नहीं, चाहे वह अच्छी हो, बुरी हो या बदसूरत। वह जो करते थे उससे प्यार करते थे और वही करते थे जो उन्हें पसंद था, और इससे अधिक कोई कभी नहीं मांग सकता। एक जीवन अच्छी तरह से जीया गया।'