पूरी दुनिया में कैप्टन अमेरिका के नाम से मशहूर हॉलीवुड एक्टर क्रिस इवांस बीते कुछ दिनों से काफी सुर्खियों में हैं। वह 'सिविल वॉर' और 'एवेंजर्स सीरीज' में मुख्य भूमिका निभाने वाले सुपरहीरो हैं। बीते कुछ दिनों से इस तरह की खबरें हैं कि क्रिस इवांस का 'एवेंजर्स : इनफिनिटी वॉर' के चौथे सीक्वल में सफर खत्म हो गया है। इवांस ने इस फिल्म में अपना आखिरी शेड्यूल पूरा कर 'एवेंजर्स सीरीज' को हमेशा के लिए नमस्ते बोल दिया है।
बीते दिनों एवेंजर्स सीरीज की पूरी स्टार कास्ट ने मिलकर उन्हें फेयरवेल दिया। रॉबर्ट डॉनी जूनियर, रयान रेनॉल्ड्स और ड्वेन जॉनसन सहित हॉलीवुड के कई सितारों ने क्रिस इवांस को निजी तौर पर मैसेज कर एवेंजर्स सीरीज में उनके खास योगदान के लिए बधाई दी। अब क्रिस इवांस ने 'एवेंजर्स : इनफिनिटी वॉर' के चौथे सीक्वल में अपने आखिरी डायलॉग और फिल्म में सुपरहीरो के तौर अपना अनुभव साझा किया है।
एक कॉमिक बुक समारोह में क्रिस इवांस ने कहा है कि सुपरहीरो को तौर पर वह खुद को बिल्कुल पागल समझते थे। साथ ही उन्होंने बताया कि कैप्टन अमेरिका के तौर 'एवेंजर्स : इनफिनिटी वॉर' के चौथे सीक्वल में उनका कोई भी खास डायलॉग नहीं है। कैप्टन अमेरिका के तौर एक सुपरहीरो की भूमिका में अपना अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कहा,'सुपरहीरो के तौर पर मेरा अनुभव इतना पागलों जैसा था कि शायद ही मैं कभी दे सकूं।'
फिल्म में अपने आखिरी डायलॉग को लेकर उन्होंने कहा है,'फिल्म में मेरा ऐसा कोई भी डायलॉग नहीं जो याद रखने लायक हो, मेरे आखिरी डायलॉग से ज्यादा यादगार फिल्म की शूटिंग पर मेरा आखिरी दिन था।' अपनी बात को यहीं खत्म करते हुए उन्होंने 'एवेंजर्स : इनफिनिटी वॉर' के अगले सीक्वल के बारे में कुछ भी खुलासा करने से मना कर दिया।
बता दें कि इवांस पहली बार साल 2010 में मार्वल सीरीज में कास्ट हुए थे। उन्होंने 2016 के कैप्टन अमेरिका: सिविल वॉर, साथ ही साथ कई टीम अप फिल्मों सहित तीन कैप्टेन अमेरिका की फिल्मों में काम किया है। एवेंजर्स : इनफिनिटी वॉर का चौथा सीक्वल अगले साल मई में रिलीज होगा।