हॉलीवुड एक्टर टॉम क्रूज की फिल्म 'मिशन इंपॉसिबल फॉलआउट' सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। विदेशी दर्शकों सहित यह फिल्म भारतीय दर्शकों के दिलों को भी जीत रही है। हर कोई टॉम क्रूज के हैरतअंगेज एक्शन की तारीफ कर रहा है, लेकिन भारतीय सेंसर बोर्ड 'मिशन इंपॉसिबल फॉलआउट' के एक सीन को लेकर भड़क गया है।
मीडिया में चल रही खबरों की मानें तो टॉम क्रूज की इस फिल्म के एक सीन के अंदर भारत का गलत नक्शा दिखाया गया है। जिसके लिए सेंसर बोर्ड ने उस सीन पर आपत्ती जताते हुए उस सीन को फिल्म से हटाने या फिल्म सही तरीके से दिखाने की मांग की है। दरअसल इस सीन के अंदर कश्मीर को “India controlled Kashmir” के तौर पर दर्शाया गया है। जिस पर सेंसर बोर्ड को आपत्ति है। सेंसर बोर्ड के चेयरमैन प्रसून जोशी ने फिल्म के मेकर्स से जल्द यह सीन हटाने को कहा है।
बात करें इस फिल्म की कमाई की तो 'मिशन इंपॉसिबल फॉलआउट' ने अब तक 56.10 करोड़ रुपए की कमाई कर ली है। 27 जुलाई को रिलीज हुई इस फिल्म ने संजय दत्त, जिमी शेरगिल और माही गिल की फिल्म 'साहेब बीवी और गैंगस्टर' को भी कमाई के मामले में पीछे छोड़ दिया है। गौरतलब है कि टॉम क्रूज के इस फिल्म के करीब 80 प्रतिशत रोंगटे खड़े कर देने वाले स्टंट्स खुद ही किए हैं।