हाल ही में हॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री एंजेलिना जॉली को ब्रेस्ट कैंसर से बचने के लिए डबल मासटेक्टॉमी ऑपरेशन करवाना पड़ा जिसमें उन्होंने अपने दोनों स्तनों को हटवा कर इंप्लांट करवाएं हैं।
लेकिन क्या आप जानते हैं एंजेलिना जॉली एकमात्र ऐसी अभिनेत्री नहीं हैं जिन्होंने ब्रेस्ट कैंसर को मात दी है बल्कि इससे पहले भी कई हॉलीवुड अभिनेत्रियों ने ब्रेस्ट कैंसर की जंग लड़ी है।
क्रिस्टीना एप्पलगेट
अभिनेत्री क्रिस्टीना एप्पलगेट को भी ब्रेस्ट कैंसर हुआ था। क्रिस्टीना बताती हैं कि ब्रेस्ट कैंसर के बारे में पता चलने के बाद वे कई बार रो भी पड़ती थी तो कई बार वे बेहद गुस्सा हो जाती थी तो कई बार बहुत अपसेट हो जाती थी। लेकिन शायद ये सब ट्रीटमेंट का प्रभाव था।
सिंथिया निक्सन
हॉलीवुड फिल्म ‘सेक्स एंड दी सिटी’ में अभिनय कर चुकी सिंथिया निक्सन भी ब्रेस्ट कैंसर से जूझी थी। ‘सेक्स एंड दी सिटी’ में मिरांडा होब्स का किरदार निभा चुकी सिंथिया को ब्रेस्ट में ट्यूमर था।
हालांकि सिंथिया शुरूआत में अपनी बीमारी से काफी घबरा गई थीं और सिंथिया ने इस बात को 2 सालों तक छुपाए रखा। लेकिन और महिलाओं को इससे जूझने के लिए प्रेरणादायक रूप में सिंथिया ने अपने कैंसर के बारे में सबको बताया।
डैम मैगी स्मिथ
'हैरी पॉटर' फिल्म में प्रोफेसर मैक'गोनेगल का किरदार निभा चुकी 76 वर्षीय स्मिथ को फिल्म के दौरान ही इस बात का पता चला था कि उन्हें ब्रेस्ट कैंसर हैं।
स्मिथ ने कीमोथेरेपी और रेडिएशन थेरेपी के जरिए ब्रेस्ट कैंसर का इलाज करवाकर ट्यूमर को दूर किया।
किम नोवाक
हॉलीवुड की अभिनेत्री किम नोवाक ने भी ब्रेस्ट कैंसर को झेला। हांलाकि किम को कैंसर की पहली स्टेज पर ही पता चल गया था इसीलिए किम को इलाज में बहुत अधिक समय नहीं लगा।
एडी फाल्को
हॉलीवुड अभिनेत्री फाल्को को भी ब्रेस्ट कैंसर हुआ था लेकिन इन्होंने हार नहीं मानी। हिट शो 'द सोपरानोस' में काम कर चुकी एडी फाल्को बताती हैं कि इस शो के दौरान ही मुझे पता चला था कि मुझे ब्रेस्ट कैंसर है। लेकिन जब भी मुझसे कोई पूछता था कि मैं कैसी हूं तो मैं यही जवाब देती थी कि मैं बहुत डरी हुई हूं और अच्छा महसूस नहीं कर रही हूं।
फाल्को बताती हैं कि मेरे सारे बाल झड़ गए थे, लेकिन सबकुछ भूलकर मैं फिर भी काम के लिए तैयार रहती थी।
जैकलीन स्मिथ
अमेरिकन एक्ट्रेस जैकलीन स्मिथ ब्रेस्ट कैंसर से जूझ चुकी हैं, ऐसे में वे एडवाइस देती हैं कि ऐसे समय में कभी भी अपने आपको अकेले नहीं समझना चाहिए। वे कहती हैं कि, मुझे लगता है इसके ट्रीटमेंट के दौरान आपका परिवार, दोस्त और अन्य महिलाएं आपको इससे उबरने में बहुत मदद कर सकती है।
रॉकस्टार शेरिल
मशहूर रॉकस्टार शेरिल को भी ब्रेस्ट कैंसर था लेकिन शेरिल ने अपने ब्रेस्ट रिमूव नहीं करवाए बल्कि उन्होनें लगभग दो महीने का ट्रीटमेंट लेकर, रेडिएशन थैरेपी करवाकर और प्राकृतिक चिकित्सा की मदद से ब्रेस्ट कैंसर से निजात पाई।
मेलिसा एथरिज
अमेरिकी सिंगर ने ब्रेस्ट कैंसर से कीमोथैरेपी और रेडिएशन थैरेपी के जरिए निजात पाई। मेलिसा ने इस कैंसर से छुटकारा पाकर अपने अनुभवों को अपने गाने ‘आय रन फॉर लाइफ’ में बांटा।
मेलिसा का ये गाना बहुत मशहूर हुआ।
ओलिंपिक स्केटर डोरोथी हामिल
इसके अलावा स्केटिंग की वर्ल्ड चैंपियनशिप जीत चुकी अमेरिकी ओलिंपिक स्केटर डोरोथी हामिल को भी ब्रेस्ट कैंसर हुआ था। डोरोथी ने भी ब्रेस्ट कैंसर से सफलता पूर्वक निजात पा ली।