शो'ब्रेकिंग बैड' फेम अभिनेता आरजे मिट्टे का निधन हो गया है। वह 34 साल के थे। सेरेब्रल पाल्सी नाम की बीमारी से जूझ रहे थे। अभिनेता की मौत की वजह का तुरंत पता नहीं चल पाया है।
अभिनेता के प्रतिनिधि ने एक बयान में कहा, 'हमें बेहद दुख के साथ मशहूर अभिनेता, समाजसेवी और दिव्यांगों के अधिकारों के लिए आवाज उठाने वाले आरजे मिट्टे के निधन की खबर देनी पड़ रही है।'
पहली बार 'ब्रेकिंग बैड' में कब नजर आए मिट्टे?
मिट्टे पहली बार 2008 में शो 'ब्रेकिंग बैड' में केमिस्ट्री टीचर से ड्रग किंगपिन बने वॉल्टर व्हाइट के बेटे के रोल में दिखे थे। इस रोल ने ब्रायन क्रैंस्टन को दुनिया भर में पहचान दिलाई थी। अभिनेता के प्रतिनिधि शॉन रेली रेली ने कहा, 'सेरेब्रल पाल्सी के साथ जीने के अपने अनुभव से मिट्टे ने इस रोल में असलियत लाई। दिव्यांगता के बारे में जागरूकता और उन्हें समाज में शामिल करने के लिए एक मंच तैयार किया।'
2008 से 2013 के बीच पांच सीजन तक चली 'ब्रेकिंग बैड' को अक्सर एक क्रांतिकारी टीवी शो माना जाता है। हाल ही में इसे 21वीं सदी का सबसे बेहतरीन टीवी शो बताया था।
आर जे मिट्टे
- फोटो : इंस्टाग्राम@rjmitte
साथी कलाकारों ने दी श्रंद्धांजलि
अभिनेता के साथ काम करने वाले कलाकारों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। जेसी पिंकमैन (व्हाइट के युवा क्राइम पार्टनर) का रोल निभाने वाले एरन पॉल ने कहा कि वह इस खबर से स्तब्ध हैं। उन्होंने कहा, 'आरजे, मेरे दोस्त, मैं तुमसे प्यार करता हूं। तुम्हारी बहुत याद आएगी। आप अकेले नहीं हैं। हमेशा यह याद रखें।'
डीन नॉरिस, जिन्होंने इस सीरीज में मिट्टे के ऑन-स्क्रीन अंकल और ड्रग एनफोर्समेंट एजेंसी के स्पेशल एजेंट का रोल निभाया था, ने कहा कि इस युवा की मौत की खबर से उनका 'दिल टूट गया' है।
मिट्टे ने किए सामाजिक काम
रेली के मुताबिक 'मिट्टे ने 'द मिटे फाउंडेशन' के प्रेसिडेंट के तौर पर भी काम किया, जिसमें उन्होंने समाज सेवा और कम्युनिटी के कामों में मदद की। साथ ही, उन्होंने अपने मंच का इस्तेमाल रूढ़िवादी सोच को चुनौती देने और दिव्यांग लोगों की बेहतर भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए किया।'