रॉबिन विलियम्स को भारतीय दर्शक 'चाची 420' से आसानी से समझ सकते हैं, क्योंकि यह विलियम्स की सबसे पॉपुलर फिल्म 'मिसेज डाउटफायर' पर आधारित है। इस फिल्म के अलावा भी कई फिल्में ऐसी हैं, जिन्होंने उन्हें भारतीय दर्शकों के बीच पहचान दिलाई और इनमें शानदार अभिनय के लिए हम हमेशा उन्हें याद रखेंगे।
रॉबिन विलियम्स हॉलीवुड फिल्मों शीर्ष कलाकारों में शुमार होते हैं। उनकी मौत रहस्यमयी स्थितियों में हुई है। रॉबिन को एक शानदार कॉमेडियन के रूप में याद किया जाता है। ऑस्कर अवॉर्ड जीत चुके रॉबिन को 'मिसेज डाउटफायर', 'डेड पोएट सोसाइटी', 'गुड मार्निंग वियतनाम' के अलावा कई और सफल और चर्चित फिल्मों के लिए याद किया जाता है। फिल्मों में उनके सेंस ऑफ ह्रयूमर के लिए उनको हमेशा याद किया जाता रहा है। चलिए रॉबिन विलयम्स को उनकी कुछ दिलचस्प फिल्मों के बहाने याद करते हैं।
यहां से निकली थीं चाची
कमल हसन की चर्चित फिल्म 'चाची 420' तो आपको याद ही होगी। यह हॉलीवुड की एक मशहूर फिल्म 'मिसेज डाउटफायर' पर आधारित थी। भारत में इस फिल्म का बॉलीवुडीकरण किया गया था। इस अमेरिकन फिल्म में रॉबिन विलियम्स ने वही भूमिका निभाई थी जो भूमिका 'चाची 420' में कमल हसन ने निभाई। भारत यह फिल्म सुपरहिट हुई। आमतौर पर साउथ के अभिनेताओं की कॉमेडी फिल्में उत्तर भारत में उस अनुपात में लोकप्रिय नहीं होतीं लेकिन चाची 420 ने बड़ी सफलता पाई थी।
'गुड मार्निंग वियतनाम' एक बेहतरीन कॉमेडी फिल्म
रॉबिन विलयम्स की एक और कॉमेडी फिल्म 'गुड मार्निंग वियतनाम' भी याद रखने वाली फिल्म है। 1987 में रिलीज हुई यह फिल्म एक वॉर कॉमेडी थी। हंसी का ताना-बाना लड़ाई के बीच बुना गया। वियतनाम वॉर के बैकग्राउंड पर बनाई गई इस फिल्म में विलियम्स का किरदार आर्म्स फोर्सेज रेडियो सर्विस में एक अधिकारी का होता है। फिल्म का निर्देशन बैरी लीवेंनसन ने किया था। फिल्म सफल रही और यह बेस्ट ऑफ बीट कॉमेडी फिल्मों में शुमार की जाती है।
'डेड पोएट्स सोसाइटी' पर बनी थी 'मोहब्बतें'
रॉबिन विलयम्स की इस फिल्म में अंग्रेजी के एक टीचर की भूमिका में हैं। इस फिल्म में पढ़ाई के तौर तरीकों पर भी एक किस्म का व्यंग्य किया गया है। रॉबिन विलयम्स की अपने छात्रों के साथ एक अनोखी किस्म की ट्यनिंग दिखाई गई है। एक पोएट्री पढ़ाने वाला शिक्षक अपने पोएट्री के बहाने अपने कई सिद्घांत अपने छात्रों के बीच पहुंचाता है। इस फिल्म की कुछ झलक शाहरुख की चर्चित फिल्म 'मोहब्बतें' में देखने को मिल सकती है।
एक नई किस्म की फैंटेंसी
रॉबिन विलयम्स की यह एक और फिल्म 'हुक' उनकी अभिनय की रेंज को दिखाती है। 1991 में रिलीज हुई इस अमेरिकी एडवेंचर फैंटेंसी फिल्म को स्टीवन स्पीलबर्ग ने निर्देशित किया था। इस फिल्म में रॉबिन एक चर्चित वकील का लीड रोल करते हुए दिखते हैं। समीक्षकों द्वारा इस फिल्म को लगभग खारिज कर दिया गया था लेकिन फिल्म के महत्व को इसी बात से समझ सकते हैं कि फिल्म को ऑस्कर की पांच अलग-अलग कैटेगरी में नामित किया गया था। फिल्म में डस्टिन हॉफमैन का भी महत्वपूर्ण किरदार था। वह फिल्म में कैप्टन हुक की भूमिका में थे।
एडवेंचर फिल्म में भी दिलचस्प अभिनय
'जुमान्जी' एक साइंस फिक्शनन और फैंटेंसी एडवेंचर फिल्म थी। यह फिल्म बच्चों की इसी नाम से आई एक फिक्शन बुक पर आधारित थी। इस फिल्म की खासियत जानवरों को दिखाने में प्रयोग किए गए स्पेशल इफेक्ट्स थे। यह कहानी 12 साल के एक बच्चे पर केंद्रित है जो अपने दोस्त के साथ एक गेम खेलते हुए फंस जाता है। रॉबिन विलयम्स ने यह लीड रोल निभाया है। फिल्म दिखाती है कि किस तरह से 12 साल का वह लड़का उस मुसीबत से बाहर आता है।