दुनिया भर के युवाओं के बीच फिटनेस का क्रेज शुरू करने वाले हॉलीवुड के मशहूर सितारे अर्नाल्ड श्वार्जेनेगर की टर्मिनेटर के तौर पर बड़े परदे पर वापसी की खबर से जितने खुश दुनिया भर के उनके फैंस हैं, उससे कहीं ज्यादा खुशी भारत में उनके फैंस में देखी जा रही है। लोग ये खुलकर मानते हैं कि अर्नाल्ड श्वार्जेनेगर ने ही टर्मिनेटर को एक कभी न भूल पाने वाला अनुभव बनाया था और यही वह किरदार है जिसने अर्नाल्ड को विश्व सिनेमा का एक मेगा स्टार बना दिया।
अर्नाल्ड अब अपने इस कालजयी किरदार के साथ एक नवंबर को बड़े परदे पर लौट रहे है। भारत में हिंदी, तमिल, तेलुगू, कन्नड़ और मलयालम में रिलीज होने जा रही उनकी नई फिल्म 'टर्मिनेटर डार्क फेट' में उनके साथ इस सीरीज की पहली फिल्म में सारा कोनर के किरदार में नजर आईं लिंडा हैमिल्टन भी हैं।
मेगा स्टार अर्नाल्ड श्वार्जेनेगर ने लिंडा के जन्मदिन पर दो दिलचस्प तस्वीरें अपने इंस्टाग्राम एकाउंट पर साझी कीं। पहली तस्वीर में अर्नाल्ड और लिंडा उन दिनों की यादें ताजा कर रहे हैं जब उनकी कद काया को देखकर युवाओं में फिटनेस का विश्वव्यापी क्रेज शुरू हुआ था और दूसरी तस्वीर दोनों की ताजा तस्वीर है।
मशहूर निर्माता निर्देशक जेम्स कैमरॉन की नई पेशकश 'टर्मिनेट डार्कफेट' में अर्नाल्ड श्वार्जेनगर और लिंडा हैमिल्टन के अलावा एडवर्ड फरलॉन्ग भी अपने कालजयी किरदार फिर से करते नजर आएंगे।