हॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता टॉम स्केरिट का निधन हो गया है। वह 93 साल के थे। वह 'एलियन' और 'टॉप गन' जैसी क्लासिक फिल्मों में अपने यादगार किरदारों के लिए याद किए जाते हैं। एमी अवॉर्ड विजेता स्केरिट 'पिकेट फेंसेस' में काम करके टीवी की दुनिया में मशहूर हुए।
वैरायटी के अनुसार उनके प्रचारक ने पुष्टि की है कि बुधवार को उनका निधन हो गया। स्केरिट ने छह दशकों तक चले अपने शानदार करियर में फिल्मों और टेलीविजन, दोनों ही जगह अपने दमदार अंदाज और यादगार अभिनय से खूब नाम कमाया।
कब जीता एमी अवॉर्ड?
टॉम स्केरिट ने 1993 में एमी अवॉर्ड जीता और 1994 में उन्हें 'पिकेट फेंसेस' में जिमी ब्रॉक का किरदार निभाने के लिए ऑफर मिला। बड़े पर्दे पर स्केरिट ने कई तरह की फिल्मों में बेहतरीन और यादगार अभिनय किया।
टॉम स्केरिट
- फोटो : सोशल मीडिया
'एलियन' और 'टॉप गन' में क्या था किरदार?
रिडले स्कॉट की मशहूर साइंस-फिक्शन हॉरर फिल्म 'एलियन' (1979) में उन्होंने नोस्ट्रोमो के कैप्टन डलास का किरदार निभाया था। इसके अलावा, उन्होंने 1986 की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'टॉप गन' में टोनी स्कॉट के साथ काम किया, जिसमें उन्होंने नेवल फाइटर स्कूल के मुख्य प्रशिक्षक, कमांडर माइक वाइपर की भूमिका निभाई थी।
इन फिल्मों से भी चर्चा में रहे
उनकी अन्य बेहतरीन फिल्मों में रॉबर्ट ऑल्टमैन की 'मैश' (1970) शामिल है। इसमें उन्होंने सर्जन ड्यूक फॉरेस्ट का किरदार निभाया था। इसके अलावा, रॉबर्ट रेडफोर्ड की फिल्म 'अ रिवर रन्स थ्रू इट' (1992) में वह एक पादरी के रूप में नजर आए। सेठ मैकफर्लेन की कॉमेडी फिल्म 'टेड' (2012) में भी उन्होंने काम किया।
वायु सेना में भी दी सेवाएं
- डेट्रॉइट में जन्मे स्केरिट ने वेन स्टेट यूनिवर्सिटी और यूसीएलए में पढ़ाई की।
- इसके बाद अमेरिकी वायु सेना में भी अपनी सेवाएं दीं।
- उन्होंने 1962 में कोरियाई युद्ध पर बनी ड्रामा फिल्म 'वॉर हंट' से अपने फीचर फिल्म करियर की शुरुआत की।
- उनके परिवार में उनकी तीसरी पत्नी जूली टोकाशिची हैं, जिनसे उन्होंने 1998 में शादी की थी।
- उन्होंने पहले शार्लोट शैंक्स और सू ओरन के साथ शादी की थी।