Maleficent Mistress of Evil and Aishwarya Rai
- फोटो : file photo
फिल्म 'द लॉयन किंग' में शाहरुख खान और उनके बेटे आर्यन खान पर दांव लगाकर भारत में करोडों रुपये बटोर चुकी हॉलीवुड प्रोडक्शन कंपनी ने अब अपनी अगली फिल्म ऐश्वर्या राय पर दांव लगाया है। ऐश्वर्या राय ने डिजनी की अगली फिल्म 'मेलफिसेंट द मिस्ट्री ऑफ एविल' के लीड किरदार के लिए डबिंग पूरी कर ली है। ऐश्वर्या की आवाज में मेलफिसेंट का हिंदी ट्रेलर जल्द रिलीज होने वाला है।
फिल्म मेलफिसेंट हॉलीवुड की चंद सुपरहिट फ्रेंचाइजी में शुमार हो चुकी है। इस सीरीज की पहली फिल्म पांच साल पहले रिलीज हुई थी। मशहूर अदाकारा एंजेलीना जोली के लीड रोल वाली फिल्म 'मेलफिसेंट' एक ऐसी परी की कहानी है जिसे अपने आसपास हो रहे घटनाक्रम को लेकर तमाम तरह की गलतफहमियां होती रहती हैं। डार्क फैटेंसी कैटेगरी की इस फिल्म के पहले भाग में एंजेलीना ने जबरदस्त सुर्खियां बटोरीं और फिल्म सुपर हिट रही।
अब पांच साल बाद रिलीज हो रहे फिल्म के दूसरे भाग फिल्म 'मेलफिसेंट द मिस्ट्री ऑफ एविल' के हिंदी वर्जन में ऐश्वर्या राय बच्चन ने एंजेलीना जोली की आवाज की डबिंग पूरी कर ली है। इसी महीने रिलीज होने जा रही इस फिल्म में डबिंग करके डिजनी के साथ जुड़ने वाली वह हिंदी सिनेमा की पहली लीग के कलाकारों में शाहरुख के बाद दूसरी कलाकार बन गई हैं। सूत्र बताते हैं कि इस फिल्म की डबिंग के लिए डिजनी ने ऐश्वर्या राय को जो फीस दी है, वह तमाम बड़ी हीरोइन के हिंदी फिल्मों में लीड रोल के लिए मिलने वाली फीस से कही ज्यादा है।
हिंदी फिल्मों में ऐश्वर्या राय बच्चन की पिछली फिल्म 'फन्ने खां' रही जिसमें वह अनिल कपूर और राजकुमार राव के साथ दिखी थीं। इन दिनों उनकी मणिरत्न्म के साथ एक बड़े प्रोजेक्ट के लिए भी बात चल रही है।
यह भी पढ़ें:- ग्रैमी अवॉर्ड विनर सिंगर जेसी नॉर्मन का निधन और एंजेलिना की आवाज बनेंगी ऐश्वर्या, पांच खबरें