79वां फेस्टिवल डी कान्स जल्द ही शुरू होने वाला है। इसमें एक्ट्रेस और सिंगर बारबरा स्ट्राईसैंड को मानद पाल्मे डीओर पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। ऑस्कर विजेता एक्ट्रेस ने कान्स में मानद पाल्मे डीओर पाने वालों की लिस्ट में शामिल होने पर खुशी जाहिर की है।
विज्ञापन
बारबरा ने जताई खुशी
एक बयान में बारबरा स्ट्राईसैंड ने कहा, 'मुझे गर्व है कि मुझे यह सम्मान मिला है। अब मैं पाल्मे डीओर पाने वाले उन लोगों की लिस्ट में शामिल हो गई हूं, जिनके काम ने मुझे प्रेरित किया है। इस मुश्किल भरे समय में, फिल्मों में वह ताकत होती है कि हमारे दिलों और दिमागों को खोल सके। इनमें वह कहानियां होती हैं, जो इंसानियत को दिखाती हैं। यह उन नजरियों को दिखाती हैं, जो हमें हमारी कमजोरी और हिम्मत, दोनों की याद दिलाते हैं। सिनेमा सरहदों और राजनीति से ऊपर होता है। यह एक दयालु दुनिया बनाने में मदद करता है।'
क्या बोले फेस्टिवल के डायरेक्टर?
इस सम्मान पर बात करते हुए फेस्टिवल के डायरेक्टर थिएरी फ्रेमो ने कहा, 'एक ग्लोबल स्टार होने के साथ-साथ, बारबरा स्ट्राईसैंड सबसे बढ़कर एक कलाकार हैं। वह ऐसे प्रोजेक्ट शुरू करती हैं, जो उनकी असली पहचान दिखाते हैं। यह उनके अपने होते हैं और जिन्हें वह पूरी दुनिया के साथ शेयर करती हैं। उन्हें गाते हुए सुनना और उन्हें परफॉर्म करते हुए देखना अच्छा है।'
किन लोगों को मिला मानद पाल्मे?
एमी, ग्रैमी, ऑस्कर और टोनी विजेता पहली बार कान्स में शामिल होंगी। उन्हें 23 मई को फेस्टिवल के अवॉर्ड समारोह के दौरान पाल्मे डीओर पुरस्कार दिया जाएगा।
इससे पहले पीटर जैक्सन, एग्नेस वर्डा, मार्को बेलोकियो, जोडी फोस्टर, मेरिल स्ट्रीप, रॉबर्ट डी नीरो और टॉम क्रूज को मानद पाल्मे दिया जा चुका है।
ऑस्कर में करेंगी परफॉर्म
वैरायटी की रिपोर्ट के अनुसार, एक्ट्रेस से यह भी उम्मीद की जा रही है कि वह ऑस्कर 2026 के दौरान 'इन मेमोरियम' सेगमेंट में अपनी दिवंगत 'द वे वी वर' के को-स्टार रॉबर्ट रेडफोर्ड के सम्मान में परफॉर्म करेंगी।