हॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री लिंडसे लोहान पर एक मैनेजमेंट कंपनी ने धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज किया है। कंपनी का कहना है कि लिंडसे ने उनकी सेवाएं ली पर भुगतान नहीं किया।
टीओआई ने टीएमजेड के हवाले से लिखा है कि लिंडसे लोहान पर ये आरोप एक्सक्लूसिव आर्टिस्ट्स मैनेजमेंट इंक कंपनी ने लगाया है। कंपनी का दावा है कि लिंडसे ने उनके साथ धोखाधड़ी की। सेवा लेने के एवज में अभिनेत्री ने कोई भी भुगतान नहीं किया और साथ ही कंपनी के साथ हुए करार का भी उल्लंघन किया।
कंपनी के अनुसार है लिंडसे लोहान जनवरी 2014 में सनडान्स फिल्म महोत्सव में भाग लेने गई थीं और उस वक्त उन्होंने कंपनी को हायर किया और अपने लिए एक हेयरस्टाइलिस्ट और एक मेकअप आर्टिस्ट को बुक किया।
उस वक्त लिंडसे ने घोषणा की थी कि वह 'इनकंसीवेबल' नामक फिल्म में काम करने जा रही हैं, हालांकि बाद में यह फिल्म फ्लोर पर नहीं जा पाई और लोहान ने हेयरस्टाइलिस्ट और मेकअप आर्टिस्ट को कोई भुगतान भी नहीं किया।