ट्रैकिंग से मर्डर केस तक का सफर
पुलिस के मुताबिक, 26 साल के बिजनेसमैन केतन अग्रवाल की 18 जून को मौत हो गई थी। वह पुणे के लोहगढ़ किले पर करीब 400 फीट गहरी खाई में गिर गए थे। शुरुआत में उनकी मंगेतर सिया गोयल ने पुलिस को बताया था कि फोटो लेते समय उनका पैर फिसल गया और वह गिर गए।
लेकिन बाद में जांच के दौरान किले के CCTV फुटेज में एक शख्स नजर आया, जिसने 33 डिग्री की गर्मी में भी हूडी पहन रखी थी और वह केतन और सिया का पीछा कर रहा था। बाद में उसकी पहचान 22 साल के चेतन चौधरी के रूप में हुई।
मर्डर की साजिश का खुलासा
पुलिस के अनुसार, सिया और चेतन के बीच पहले से रिश्ता था, लेकिन उन्होंने सगाई तोड़ने का फैसला नहीं लिया। पूछताछ में चेतन ने बताया कि सिया परिवार की बदनामी के डर से शादी तोड़ना या भागना नहीं चाहती थी।
पुलिस का यह भी कहना है कि सिया पिछले कुछ हफ्तों से केतन को बार-बार लोहगढ़ किले चलने के लिए कह रही थी। जांचकर्ताओं का मानना है कि 18 जून को इसी साजिश को अंजाम दिया गया। फिलहाल सिया और चेतन दोनों पुलिस हिरासत में हैं और मामले की जांच जारी है।