स्टैंड-अप कॉमेडियन हर्ष गुजराल ने 27 अक्टूबर को लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया था। इस दौरान उन्हें 'क्रिएटर ऑफ द ईयर' अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद थे।
ऐसे में हर्ष ने योगी आदित्यनाथ को एक मजेदार किस्सा सुनाकर हंसा दिया। उन्होंने एक ऐसे शख्स की कहानी सुनाई, जो पहले अपराधी था, लेकिन बाद में केले बेचने लगा। हर्ष का यह किस्सा सुनकर मुख्यमंत्री अपनी हंसी नहीं रोक पाए। इसका वीडियो हर्ष ने सोशल मीडिया पर भी शेयर किया।
सीएम योगी आदित्यनाथ
- फोटो : अमर उजाला
हर्ष ने की मुख्यमंत्री की तारीफ
वीडियो में हर्ष मंच पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ खड़े नजर आ रहे हैं। बातचीत के दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी संभालने के लिए मुख्यमंत्री की तारीफ करते हुए कहा कि उन्हें यकीन है कि पूरे उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी का बोझ उनके कंधों पर होगा। यह सुनकर योगी आदित्यनाथ मुस्कुराने लगे।
हर्ष गुजराल
- फोटो : सोशल मीडिया
हर्ष ने सुनाया मजेदार किस्सा
इसके बाद हर्ष ने लखनऊ के अपने एक पुराने दौरे का किस्सा सुनाया। उन्होंने बताया कि वह एक बार कॉमेडी शो के लिए लखनऊ आए थे। शहर में घूमते हुए उनकी मुलाकात एक केले बेचने वाले से हुई। हर्ष ने उससे पूछा कि क्या उत्तर प्रदेश में अब भी अपराध होते हैं?
इस पर केले बेचने वाले ने जवाब दिया कि प्रदेश में अपराध पूरी तरह खत्म हो चुके हैं। जब हर्ष ने उससे पूछा कि उसे यह बात कैसे पता, तो उसने ऐसा जवाब दिया कि सभी हंसने लगे।
केले बेचने वाले ने बताया कि वह खुद पहले अपराधी था, लेकिन अब केले बेचता है। उसका यह जवाब सुनकर हर्ष गुजराल के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी जोर-जोर से हंसने लगे। वहां मौजूद लोग भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए।
हर्ष गुजराल
- फोटो : इंस्टाग्रम-@realharshgujral
हर्ष ने मुख्यमंत्री के साथ साझा किया खास पल
हर्ष गुजराल ने वीडियो शेयर करते हुए कहा कि वह इस अवॉर्ड को पाकर सम्मानित महसूस कर रहे हैं। साथ ही, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ हंसी-मजाक का पल साझा करना उनके लिए खास अनुभव रहा।
सोशल मीडिया पर भी इस वीडियो को लेकर लोगों ने मजेदार प्रतिक्रियाएं दीं। कुछ यूजर्स ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ की, तो कई लोगों ने हर्ष गुजराल के अंदाज और उनके मजाकिया किस्से को पसंद किया। कई यूजर्स ने इस बातचीत को मनोरंजक और यादगार पल बताया।