पहले की रेकी, फिर घटना को दिया अंजाम
रिकी केज ने अपने एक्स अकाउंट से आज शनिवार को एक पोस्ट शेयर किया है। इसमें उन्होंने दावा किया है कि उनके बंगलूरू वाले घर में चोरी हुई है। उनका कहना है कि कथित चोर एक फूड डिलीवरी एजेंट था। उन्होंने लोगों को भी सतर्क रहने का सुझाव दिया है। रिकी केज ने लिखा है, 'मेरे घर में लूटपाट हुई है। प्रिय जोमैटो, ऐसा लगता है कि आपका एक ड्राइवर गुरुवार को मेरे घर में घुसा और हमारा सम्प-कवर चुरा लिया। यह घटना शाम 6 बजे की है। कितनी हिम्मत की बात है! यह शायद उनका पहली बार नहीं है। वे सिर्फ 15 मिनट पहले रेकी करने आए थे और फिर घर में घुसकर चोरी की। आप दो एंगल से सीसीटीवी फुटेज देख सकते हैं'।
बंगलुरू पुलिस से मांगी मदद, लोगों को किया सतर्क
रिकी केज ने अपने पोस्ट के साथ घटना को अंजाम देने वाले शख्स की फोटो और वाहन के नंबर प्लेट के स्क्रीनशॉट भी साझा किए हैं। कंपोजर ने अपने पोस्ट में बंगलूरू पुलिस को टैग करते हुए लिखा है, 'यह पता लगाने में मदद कर सकते हैं कि यह व्यक्ति कौन है? साथ ही, दोस्तों, सावधान रहें। यह आपके साथ भी हो सकता है'।
जोमैटो ने जताई चिंता
रिकी केज के इस पोस्ट पर जोमैटो ने चिंता जताई है। जोमैटो की तरफ से लिखा है, 'हैलो रिकी, यह वाकई चिंता की बात है। हम अपने डिलीवरी पार्टनर्स को ऐसे व्यवहार को बिल्कुल भी बढ़ावा नहीं देते हैं। हम इसकी तुरंत जांच करेंगे, ताकि जरूरी कार्रवाई की जा सके और हम आपसे आग्रह करते हैं कि कृपया अपना मोबाइल नंबर डायरेक्ट मैसेज (DM) के जरिए हमारे साथ शेयर करें, ताकि हम आपसे आगे बात कर सकें। इस पर रिकी केज ने जवाब दिया है, 'जब आपके पास कोई जानकारी हो, तो आप मुझे DM कर सकते हैं और फिर मैं अपना फोन नंबर शेयर करूंगा'।