मलयालम व तमिल फिल्मों के अभिनेता और राजनेता जी कृष्णकुमार मुश्किलों में फंस गए हैं। अभिनेता के खिलाफ अपहरण और जबरन वसूली का मामला दर्ज किया गया है। ये मामला उनकी बेटी दीया की फर्म की एक महिला कर्मचारी की शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया है। इस मामले में अभिनेता साथ उनकी बेटी दीया का भी नाम शामिल है।
दोनों तरफ से दर्ज कराई गई एफआईआर
पुलिस की ओर से जानकारी देते हुए बताया गया कि शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि कृष्णकुमार और दीया ने उसका अपहरण किया और उससे पैसे ऐंठे। वहीं दूसरी ओर अभिनेता ने और उनकी बेटी ने भी महिला कर्मचारी के खिलाफ गबन का मामला दर्ज कराया है। ये एफआईआर म्यूजियम पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई गई है। यहां के अधिकारी ने बताया कि दोनों मामले दर्ज किए गए हैं। हम शिकायतों के साथ दिए गए सभी सबूतों की जांच कर रहे हैं। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अभिनेता ने महिलाओं पर लगाए गबन के आरोप
इन आरोपों को बीच अभिनेता जी कृष्णकुमार ने अपने ऊपर लगे आरोपों को झूठा बताया। अभिनेता का कहना है कि जब दीया गर्भवती थी और बिजनेस नहीं देख रही थी। उस दौरान वहां काम करने वाली तीन महिला कर्मचारियों ने फर्म से लगभग 69 लाख रुपये का गबन किया। अभिनेता ने बताया कि जब उन्हें इस बारे में पता चला और उन्होंने पुलिस एक्शन की धमकी दी, तो तीनों महिलाएं अपने पतियों के साथ उनसे मिलने आईं और घोटाले की बात स्वीकार की। शुरू में उन्होंने करीब आठ लाख रुपये दिए और कहा कि वे बाकी पैसे लौटा देंगे और हमसे शिकायत दर्ज न करने को कहा। लेकिन बाद में उनमें से एक ने फोन करके मेरी बेटी को धमकाया, जिसके बाद हमने 30 या 31 मई को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
यह खबर भी पढ़ेंः Dino Morea: मीठी नदी घोटाले में डिनो मोरिया को ईडी का समन, अगले हफ्ते जांच एजेंसी के सामने होना होगा पेश
एक्टर ने सीएम को भेजा मेल
जी कृष्णकुमार ने आगे बताया कि उन्होंने हमारे शिकायत दर्ज कराने के एक दिन बाद शिकायत दर्ज कराई है। अब मुझे पता चला है कि मेरे दामाद सहित मेरे परिवार के सभी छह सदस्यों के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। कृष्णकुमार ने कहा कि मैंने मुख्यमंत्री कार्यालय को मामला बताते हुए एक ईमेल भेजा है और वहां से उन्हें जवाब मिला है। अभिनेता का कहना है कि उनके पास कर्मचारियों द्वारा गबन करने और उसके बाद उनके इसे स्वीकार करने के वीडियो सहित कई सबूत भी हैं। ये सारी जानकारी वो पुलिस को भी दे चुके हैं।