फिल्म अभिनेत्री प्रीति जिंटा ने बृहस्पतिवार को अपना ‘वन्स इन ए लाइफटाइम’ अनुभव अपने प्रशंसकों के साथ साझा किया। जिंटा ने बताया कि कैसे वह अमेरिका में सड़क पर एक विमान को उतरते हुए देखकर हैरान रह गईं।
प्रीति जिंटा ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें एक हवाई जहाज सड़क पर खड़ा दिखाई दे रहा था। प्रीति ने साथ में लिखा, हर बात के लिए हमेशा एक पहला लम्हा होता है। कभी नहीं सोचा था कि मैं जिस सड़क पर ड्राइव कर रही हूं, उस पर एक विमान को लैंड करते हुए देखूंगी। भगवान का शुक्र है कि सब सुरक्षित हैं। जिंदगी में एक बार होने जैसी बात।
कुछ समय पहले प्रीति ने डिजिटल मीडिया से दूरी बना ली थी। यह डिजिटल अलगाव उन्होंने कुछ ही दिन पहले खत्म किया है। उनकी तरफ से साझा किए गए विमान के वीडियो को देखकर बहुत सारे लोग स्तब्ध रह गए। इनमें बॉलीवुड अभिनेत्री नरगिस फाखरी भी शामिल रहीं, जिन्होंने कमेंट बॉक्स में शॉकिंग इमोजी साझा कर अपनी प्रतिक्रिया दी।