लोकप्रिय टीवी शो 'साराभाई वर्सेस साराभाई' में सतीश शाह के साथ काम कर चुके अभिनेता राजेश कुमार ने उनके निधन पर श्रद्धांजलि देते हुए सतीश शाह को अपने जीवन में पिता के समान बताया। अपने इंस्टाग्राम पर राजेश ने अभिनेता के निधन पर शोक व्यक्त किया और इसे भारत की एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के लिए एक बड़ी क्षति बताया।
यकीन नहीं हो रहा सतीश जी नहीं रहे
सतीश शाह को अपने लिए पिता समान बताते हुए राजेश कुमार ने इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘यह मेरे लिए सबसे बुरा समय है। मैं अभी भी यह स्वीकार नहीं कर पा रहा हूं कि सतीश जी अब नहीं रहे। मैं बस इतना कह सकता हूं कि ऐसा लग रहा है जैसे मैंने अपने पिता को खो दिया है। वो हास्य से भरपूर एक व्यक्ति थे, जिन्होंने एक अभिनेता के रूप में अपनी एक अलग पहचान बनाई। यह इंडस्ट्री और हमारे (साराभाई के परिवार) के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है। आइए उनकी दिवंगत आत्मा के लिए प्रार्थना करें और उन्हें अपनी प्रार्थनाओं में रखें।’ राजेश कुमार ने सतीश शाह को प्यार से ‘काका’ कहकर संबोधित करते हुए लिखा, ‘RIP काका।’
यह खबर भी पढ़ेंः ‘वो मुझे अपने बेटे की तरह मानते थे’, ‘साराभाई Vs साराभाई’ के निर्देशक देवेन भोजानी ने सतीश शाह को किया याद
कल होगा अंतिम संस्कार
सतीश शाह के निधन पर पूरी इंडस्ट्री में शोक है। करण जौहर और फराह खान से लेकर जॉनी लीवर समेत इंडस्ट्री के तमाम लोगों ने सतीश शाह को याद करते हुए उनके निधन पर दुख जताया है। सतीश शाह का पार्थिव शरीर 26 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से 11 बजे तक उनके घर पर रहेगा। इसके बाद मुंबई के पवन हंस श्मशान घाट पर दोपहर 12 बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।