अभिनेता फरहान अख्तर की फिल्म ‘120 बहादुर’ बहुत जल्द सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इस फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग रेजांग ला युद्ध के 63वें वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित की गई। इसमें सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी भी शामिल रहे। पढ़िए पूरी खबर।
सेना प्रमुख ने कहा- हमें इसे देखना चाहिए
साल 1962 में हुए भारत-चीन युद्ध को आज 63 वर्ष हो चुके हैं। इसकी 63वीं वर्षगांठ के अवसर पर अभिनेता फरहान अख्तर की आगामी फिल्म '120 बहादुर' की विशेष स्क्रीनिंग की गई। इसमें सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी मौजूद रहे। इस दौरान सेना प्रमुख ने कहा, 'यह फिल्म सभी विधाओं का मिश्रण है। चाहे वो इमोशंस हो, वीरता हो, टीम स्पिरिट हो आदि। यह बताती है कि चाइनीज भी हमारे हीरोज का सम्मान करते हैं। इसे देखकर आप ये समझेंगे कि फौजी कैसे लड़ते हैं।' आगे उन्होंने कहा, 'सबसे अहम बात है कि आप जितनी कुर्बानी देते हैं, उससे कहीं अधिक आपके परिवार और पुरानी पीढ़ी ने किया है। ये हमें समझना होगा। इस फिल्म में रियल दिखाया गया है।' साथ ही उन्होंने फिल्म के सभी कलाकारों और क्रू मेंबर्स को शुभकामनाएं दी हैं।
यह खबर भी पढ़ें: ‘वनतारा सेंचुरी स्टोरीज’ में दिखेगी जंगली जानवरों की असली जर्नी, जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम हो रही सीरीज
कब रिलीज होगी फिल्म?
फिल्म ‘120 बहादुर’ सिनेमाघरों में 21 नवंबर 2025 को रिलीज होगी। इस फिल्म का निर्देशन रजनीश रेजी घई ने किया है और इसे रितेश सिधवानी, फरहान अख्तर (एक्सेल एंटरटेनमेंट) और अमित चंद्रा (ट्रिगर हैप्पी स्टूडियोज) ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म में फरहान मेजर शैतान सिंह भाटी के किरदार में ही नजर आएंगे। इसके अलावा फिल्म में राशि खन्ना, स्पर्श वालिया, विवान भटेना, धनवीर सिंह, दिग्विजय प्रताप, साहिब वर्मा, अंकित सिवाच, देवेंद्र अहिरवार, आशुतोष शुक्ला, बृजेश करनवाल, अतुल सिंह, अजिंक्य देव और एजाज खान जैसे कलाकार भी हैं।