बिग बॉस की घटना का किया जिक्र
अशनीर ग्रोवर सामने आए वीडियो में कहीं भी सलमान खान का नाम नहीं ले रहे हैं। मगर, माना जा रहा है कि वे उस घटना को याद करते दिखे हैं, जिसमें सलमान ने दावा किया था कि वे उनका नाम भी नहीं जानते। अशनीर ने हाल ही में अपना रियलिटी शो राइज एंड फॉल लॉन्च किया है। अशनीर ने हाल ही में एनआईटी कुरुक्षेत्र में छात्रों को संबोधित करते हुए कथित तौर पर 'बिग बॉस 18' में सलमान की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सलमान के उस दावे को खारिज किया, जिसमें उन्होंने अशनीर को लेकर कहा था कि वे उनका नाम नहीं जानते। अशीर ने कहा, 'फालतू का पंगा लेकर अपना कॉम्पिटिशन खड़ा किया उसने। मैं तो शांति से गया था जब मुझे बुलाया'।
बोले- मेरे बिना मिले ब्रांड एंबेसडर बन गए?
अशनीर आगे कहते दिखे हैं, 'अब ड्रामा क्रिएट करने के लिए आप किसी को बोल दो, अरे मैं तो आपसे मिला ही नहीं। मैं आपका नाम भी नहीं जानता। नाम नहीं जानता तो बुलाया क्यों था'? अशनीर ने हालिया बातचीत में कहा, 'और एक बात मैं बता देता हूं, तुम अगर मेरी कंपनी के ब्रांड एंबेसडर थे तो ऐसा नहीं हो सकता कि तुम मेरे बिना मिले ब्रांड एंबेसडर बन गए। मैं भी कमीनों की तरह ही कंपनी चलाता था। सब कुछ मेरे जरिए ही होता था'। बता दें कि सलमान खान भारतपे के ब्रांड एंबेसडर रहे हैं।
अशनीर को ट्रोल कर रहे यूजर
अशनीर ग्रोवर को इस टिप्पणी के लिए सलमान खान के फैंस जमकर ट्रोल कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, 'उस समय तो बोलती बंद हो गई थी'। एक अन्य यूजर ने लिखा, 'इतना अब बोल रहे हो उतना तब सलमान खान के सामने बोलना चाहिए था'। एक यूजर ने लिखा, 'यह इंसान सिर्फ बातें ही करता है'।