टेलीविजन के सबसे बड़े और चर्चित अवॉर्ड्स में शामिल एमी अवॉर्ड्स का आयोजन हुआ। ये अवॉर्ड्स लॉस एंजिल्स के पीकॉक थिएटर में हुए। 77वें एमी अवॉर्ड्स में कई अनोखे रिकॉर्ड्स भी बने और ऐसे पल भी आए जो पहली बार एमी अवॉर्ड्स में हुए। साथ ही इस दौरान रेड कार्पेट पर भी कलाकारों के अलग-अलग अंदाज देखने को मिले।
ओवेन कूपर बने एमी अवॉर्ड जीतने वाले सबसे कम उम्र के अभिनेता
77वें एमी अवॉर्ड्स के दौरान नेटफ्लिक्स के ओरिजिनल शो ‘एडोलसेंस’ में अभिनय करने वाले ओवेन कूपर एमी पुरस्कार जीतने वाले अब तक के सबसे कम उम्र के अभिनेता बन गए। उन्होंने लिमिटेड सीरीज या फिल्म कैटेगरी में बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का अवॉर्ड जीता। उन्होंने यह अवॉर्ड सिर्फ 15 साल की उम्र में अपने नाम किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि यह वाकई अद्भुत है। सच कहूं तो, जब मैंने थिएटर क्लासेज शुरू की थीं, तो मुझे यह पुरस्कार जीतने की उम्मीद नहीं थी। तीन साल पहले मैं कुछ भी नहीं था, लेकिन अब मैं यहां हूं।
ट्रैमेल टिलमैन बने एमी जीतने वाले पहले अश्वेत व्यक्ति
ट्रैमेल टिलमैन ने एमी अवॉर्ड्स 2025 में इतिहास रच दिया। वो सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का एमी पुरस्कार जीतने वाले पहले अश्वेत व्यक्ति बन गए। उन्हें 'सेवरेंस' में मिलचिक की भूमिका निभाने के लिए यह अवॉर्ड मिला। उन्होंने अपनी मां को अपने इस खास अवॉर्ड को समर्पित किया, जिन्हें वो अपना पहला एक्टिंग कोच भी मानते हैं।
स्टीफन ग्राहम ने नमस्ते के साथ खत्म किया अपना भाषण
इस दौरान स्टीफन ग्राहम को नेटफ्लिक्स की 'एडोलसेंस' के लिए लिमिटेड या एंथोलॉजी सीरीज या फिल्म कैटेगरी में बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड मिला। इस दौरान अपने भाषण के दौरान अंत में नमस्ते कहकर उन्होंने भारतीय फैंस को खुश कर दिया। उनका भाषण अब वायरल है।
जॉन ओलिवर के स्पीच को दो जगह करना पड़ा बीप
77वें एमी अवॉर्ड्स में जॉन ओलिवर को ‘लास्ट वीक टुनाइट’ के लिए बेस्ट स्क्रिप्टेड वैरायटी सीरीज का एमी पुरस्कार जीता। लेकिन इस दौरान 15 सेकंड के उनके विनिंग स्पीच को लाइव टेलीविजन पर दो बार बीप किया गया। जिसके बाद उनका भाषण का चर्चा का विषय बन गया। हालांकि, बाद में सोशल मीडिया पर लोगों ने उनके उस बिना बीप वाले भाषण का भी वीडियो शेयर किया। इसमें ओलिवर कुछ अमर्यादित शब्दों का प्रयोग करते हैं। इसी वजह से उन्हें बीप कर दिया गया।
'द स्टूडियो' ने जीते सबसे अधिक अवॉर्ड
कॉमेडी सीरीज 'द स्टूडियो' ने भी एमी अवार्ड्स में इतिहास रचा। यह सीरीज एमी के इतिहास में अब तक की सबसे ज्यादा पुरस्कार जीतने वाली कॉमेडी सीरीज बन गई है। 77वें एमी अवॉर्ड्स में इस शो ने कुल 13 ट्रॉफी अपने नाम कीं। इसके साथ ही इस शो ने किसी कॉमेडी सीरीज का सबसे अधिक अवॉर्ड जीतने का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले यह अवॉर्ड 'द बियर' के नाम था, जिसने 2023 के एमी में 10 ट्रॉफी जीती थीं।
दिवंगत सितारों को दी गई श्रद्धांजलि
एमी अवार्ड्स ने हाल के वर्षों में दिवंगत हुए टेलीविजन सितारों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इसकी शुरुआथ फिलिसिया रशद ने की, जिन्होंने 'द कॉस्बी शो' में अपने ऑन-स्क्रीन बेटे मैल्कम-जमाल वार्नर को याद किया, जिनका 20 जुलाई को निधन हो गया था। इस दौरान मैगी स्मिथ, जॉन एमोस, लोरेटा स्विट और ओजी ऑस्बॉर्न जैसे सितारों को सम्मानित किया गया, लेकिन कुछ नाम प्रसारण से बाहर रह गए, जिनमें 'ऐलिस' स्टार पॉली हॉलिडे, पहलवान और अभिनेता हल्क होगन, अभिनेता डेनिएल स्पेंसर, लेस्ली चार्ल्सन और जेरी एडलर शामिल थे। अन्य गायब नामों में टोनी टोड, ग्राहम ग्रीन, जोनाथन जॉस, लिन मैरी स्टीवर्ट और जे नॉर्थ शामिल थे। इन सितारों के नाम शामिल न होने पर कुछ प्रशंसक नाराज हो गए, लेकिन टेलीविजन अकादमी ने अपनी वेबसाइट पर उपलब्ध एक लंबे स्क्रॉल में कई नामों को शामिल किया।
सेलेना गोमेज और बेनी ब्लैंको ने लुटाया प्यार
77वें एमी अवॉर्ड्स की रेड कार्पेट पर भी कई स्टार्स के स्टाइलिश अंदाज देखने को मिले। इस दौरान स्टार जोड़ी सेलेना गोमेज और बेनी ब्लैंको एमी अवार्ड्स एक साथ पहुंचे। इस दौरान सेलेना एक आकर्षक लाल गाउन और एक आकर्षक ट्रेन के साथ पहुंचीं, जिसने उनके लुक को बड़े-बड़े हीरे के झुमकों से और भी निखारा। वहीं बेनी काले रंग के सूट में नजर आए। इस दौरान बेनी ने सेलेना पर प्यार लुटाते हुए उनके गालों पर किस किया।