एकता कपूर करेंगी बड़ा धमाका
टीवी जगत में 11 साल तक दबदबा बनाए रखने के बाद 'नागरानियां' अब छोटे पर्दे की दुनिया से आगे की तरफ बढ़ेंगी। बीते दिन नाग पंचमी के अवसर पर खुद एकता कपूर ने यह एलान किया। प्रोड्यूसर ने संकेत दिया है कि वे कुछ बड़ा धमाका करने वाली हैं। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि शायद एकता कपूर अब 'नागिन' फ्रैंचाइजी पर कोई फिल्म लेकर आ सकती हैं।
टीवी से आगे की दुनिया में जाएंगी एकता की 'नागरानियां'
एकता कपूर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक पोस्ट साझा किया। उन्होंने फैंस को नाग पंचमी की शुभकामनाएं देते हुए लिखा, 'कुछ दिलचस्प आने वाला है'। इसी के साथ एक वीडियो साझा किया है, जिसमें 'नागिन' फ्रैंचाइजी में नागिन की भूमिका निभाने वाली सभी एक्ट्रेस की झलक है। शुरुआत मौनी रॉय से होती है। वीडियो में 11 साल से निभाए गए हर नागिन के सफर को दिखाया गया है।
क्या फिल्म बनाने की है तैयारी?
'नागिन' के अब तक सात सीजन आ चुके हैं, जिनमें मौनी रॉय के अलावा, सुरभि ज्योति, सुरभि चांदना, अदा खान, निया शर्मा, तेजस्वी प्रकाश और प्रियंका चाहर चौधरी ने लीड रोल किए हैं। वीडियो में सभी की झलक है और इसके साथ बताया गया है, '11 वर्षों तक से 'नागिन' ने छोटे पर्दे पर राज किया है। अब बालाजी टेलीफिल्म्स लिमिटेड इस प्रतिष्ठित फ्रैंचाइजी को टीवी से आगे ले जाने के लिए तैयार है'।
हालांकि, एकता कपूर ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि वे कोई फिल्म बनाएंगी या वेब सीरीज की तैयारी है। फिलहाल उनके एलान से अटकलें भी शुरू हो गई हैं।