बॉलीवुड की चर्चित क्राइम थ्रिलर फ्रेंचाइजी 'दृश्यम' के फैंस के लिए अच्छी खबर है। विजय सालगांवकर एक बार फिर अपने परिवार को कानून के शिकंजे से बचाने की कोशिश करते नजर आने वाले हैं। दरअसल, अजय देवगन और तब्बू स्टारर फिल्म 'दृश्यम: द कन्क्लूजन' अब ओटीटी पर दस्तक देने जा रही है।
सिनेमाघरों में रिलीज होने के करीब दो महीने बाद फिल्म डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आने के लिए तैयार है। इस फिल्म के साथ कहानी में वर्षों से चले आ रहे समीर की मौत के रहस्य का भी पर्दाफाश होने वाला है। ऐसे में जिन लोगों ने यह फिल्म थिएटर में नहीं देखी है, वे अब घर बैठे इसका लुत्फ उठा सकेंगे।
दृश्यम 3
- फोटो : सोशल मीडिया
कब नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी फिल्म?
अजय देवगन की फिल्म 'दृश्यम: द कन्क्लूजन' 27 नवंबर, 2026 को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी। फिल्म के डिजिटल प्रीमियर की जानकारी स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म के आधिकारिक कैटलॉग पर भी अपडेट कर दी गई है। फिल्म 2 अक्टूबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। ऐसे में थिएटर में फिल्म देखने से चूक गए दर्शक शुक्रवार से इसे नेटफ्लिक्स पर देख सकेंगे।
दृश्यम 3 फिल्म रिव्यू
- फोटो : अमर उजाला
क्या है फिल्म की कहानी?
फिल्म का निर्देशन अभिषेक पाठक ने किया है। कहानी एक बार फिर विजय सालगांवकर और उसके परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है। फिल्म की कहानी वहां से आगे बढ़ती है, जहां विजय को पहले मामले में बरी हुए छह महीने बीत चुके हैं। हालांकि, पुलिस अधिकारी राजवीर सिंह तोमर एक बार फिर समीर की मौत का मामला खोल देते हैं। इस बार महेश देशमुख के कहने पर जांच दोबारा शुरू होती है।
राजवीर को शक है कि विजय ने पिछली कानूनी कार्रवाई के दौरान समीर के कंकाल के अवशेषों को बदल दिया था। अपनी जांच के दौरान वह मेडिकल कॉलेज के सिक्योरिटी गार्ड रघु तक पहुंचता है। इसके बाद मामले में क्रिस्टोफर पिंटो नाम के शख्स के अवशेषों का कनेक्शन सामने आता है।
जयदीप अहलावत आए नजर
फिल्म में अजय देवगन, तब्बू, श्रिया सरन के साथ इस बार अभिनेता जयदीप अहलावत और प्रकाश राज भी नजर आए थे। बता दें कि फ्रेंचाइजी की इस तीसरी और आखिरी किस्त में रहस्य, सस्पेंस और परिवार को बचाने की जद्दोजहद एक बार फिर देखने को मिलती है।